मुंगेली/प्रदेश में किसानों की सुलगती समस्याओं और उनके सम्मान की रक्षा के लिए जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली ने राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में पार्टी ने 16 जून 2026 मंगलवार को एक बड़े आंदोलन का शंखनाद किया है। इस ऐतिहासिक “हल्ला बोल” प्रदर्शन के तहत भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मुंगेली कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट कर दिया है कि किसानों के हक की इस लड़ाई में पार्टी अब पूरी तरह से मैदान में उतर चुकी है। तय रणनीति के मुताबिक,इस विशाल विरोध प्रदर्शन की शुरुआत सुबह 11:00 बजे होगी। सभी आंदोलनकारी और किसान मुंगेली -बिलासपुर मुख्यमार्ग में स्थित देव प्रॉपर्टी डीलिंग के पास एकत्रित होंगे,जहाँ से एक विशाल रैली के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी ने इस आंदोलन के जरिए प्रदेश सरकार के सामने 10 मांगें रखी हैं जिनमें प्रमुख रूप से
खाद कटौती का तुगलकी फरमान वापस हो:प्रति एकड़ खाद की कटौती करने के सरकारी फैसले को तुरंत वापस लिया जाए।
एकमुश्त खाद की आपूर्ति:तीन बार में किश्तों में खाद देने की अव्यावहारिक नीति को बंद कर किसानों को एक ही बार में जरूरत के मुताबिक पूरी खाद दी जाए।
जरूरत के अनुसार खाद-बीज:किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज पाने का कानूनी अधिकार सुनिश्चित हो।
ईंधन आपूर्ति से पाबंदी हटे:डीजल-पेट्रोल की सुलभ आपूर्ति की जाए और जेरकिन में तेल देने पर लगाई गई प्रशासनिक रोक को तुरंत हटाया जाए।
मुफ़्त कृषि बिजली:कृषि बिजली की बढ़ती दरों को तत्काल वापस लिया जाए और किसानों को मुफ्त बिजली की सुविधा दी जाए।
खाद की कालाबाजारी पर रोक:खाद की ब्लैक मार्केटिंग पर कड़ाई से लगाम लगाई जाए और पूरे प्रदेश में खाद की एक समान दर सुनिश्चित हो।
केसीसी राशि में बढ़ोतरी:किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की राशि में बढ़ोतरी करके इसे 40,000 रुपए प्रति एकड़ किया जाए।
धान की एकमुश्त राशि का भुगतान:किसानों की धान कृषि उपज की राशि का भुगतान किश्तों के बजाय एक ही बार में किया जाए।
पारदर्शिता और अनुदान भुगतान:कृषि और संबंधित विभागीय योजनाओं में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और रुके हुए अनुदान की राशि का त्वरित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई:क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रही अवैध शराब की बिक्री पर प्रशासन तुरंत और कड़ी कार्रवाई करे।
किसान हमारा सम्मान,हमारी शान,लेकिन चौतरफा दिक्कतों से जूझ रहा अन्नदाता:घनश्याम वर्मा
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहाकि वर्तमान सरकार की दोषपूर्ण नीतियों के कारण आज का किसान चौतरफा मुसीबतों से घिरा हुआ है। चाहे वह खाद-बीज की किल्लत हो,बिजली के आसमान छूते दाम हों,या फिर खेतों के लिए डीजल लेने पर प्रशासनिक पाबंदियां हर मोर्चे पर किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर “किसान हमारा सम्मान,हमारी शान” के नारे के साथ कांग्रेस ने किसानों की दशा और दिशा सुधारने का संकल्प लिया है।
डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर फेल:श्रीनिवास ठाकुर
आंदोलन की तैयारियों को लेकर कांग्रेस जिला महामंत्री श्रीनिवास ठाकुर ने किसानों से भारी संख्या में इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा
भाजपा किसानों के मसीहा होने का खोखला दावा कर सत्ता में काबिज हुई थी,लेकिन आज प्रदेश में अगर कोई सबसे ज्यादा प्रताड़ित और परेशान है,तो वह अन्नदाता यानी हमारा किसान है। खाद-बीज और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार द्वारा जारी किए जा रहे तुगलकी फरमानों ने किसानों की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने आगे कहा कि देश और प्रदेश की यह ‘डबल इंजन’ की सरकार आज हर मोर्चे पर पूरी तरह फेल नजर आ रही है। इनकी गलत आर्थिक और कृषि नीतियों के चलते आज किसान,छोटे व्यापारी और आम नागरिक सभी त्रस्त हैं। आम जनता को महंगाई से राहत पहुंचाने के बजाय सरकार उन पर टैक्स और बढ़ती कीमतों का बोझ लादती जा रही है। ऐसी जनविरोधी नीतियों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कांग्रेस सड़क पर उतर रही है।
आम जनता और किसानों से जुटने की अपील
जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली ने क्षेत्र के समस्त किसानों,आम जनता,युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से पुरजोर अपील की है कि वे राजनीति से ऊपर उठकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए 16 जून को सुबह 11 बजे देव प्रॉपर्टी डीलिंग के पास भारी से भारी संख्या में पहुंचें। कांग्रेस का दावा है कि यह ‘हल्ला बोल’ आंदोलन मुंगेली के इतिहास में किसानों की आवाज को बुलंद करने वाला सबसे बड़ा आंदोलन साबित होगा।



