मुंगेली/नगर के लोरमी बाईपास स्थित मंगल भवन में इन दिनों भक्ति,अध्यात्म और जनसेवा का एक अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की माताजी स्वर्गीय श्रीमती निर्मला शुक्ला की पुण्य स्मृति में यहाँ भव्य श्रीमद्भागवत कथा एवं दिव्य महादरबार का आयोजन किया जा रहा है। गत 7 जून से शुरू हुई इस संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में प्रख्यात कथावाचक वीरेंद्र शास्त्री के मुखारविंद से ज्ञान और भक्ति की गंगा बह रही है,जिसमें डूबकी लगाने रोज़ हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं।
हनुमान जी के कृपा पात्र अनिकेत कृष्ण जी महाराज का आगमन,लगाया दिव्य महादरबार
इस धार्मिक अनुष्ठान में उस समय उत्साह और श्रद्धा का माहौल दोगुना हो गया,जब 12 जून से यहाँ एक भव्य ‘दिव्य महादरबार’ का शुभारंभ हुआ। दरबार लगाने के लिए जबलपुर,मध्य प्रदेश से विशेष रूप से पधारे हनुमान जी के अनन्य कृपा पात्र,पूज्य बृज बिहारी सरकार श्री अनिकेत कृष्ण जी महाराज का नगर आगमन हुआ।
महाराज जी के दिव्य दरबार की ख्याति सुनकर न केवल मुंगेली जिले से,बल्कि छत्तीसगढ़ के अन्य दूर-दराज के जिलों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु अपनी-अपनी परेशानियाँ लेकर पहुँचे। दरबार के दौरान महाराज जी ने बिना बताए ही श्रद्धालुओं के मन की बात और उनकी समस्याओं से संबंधित पर्चियाँ निकालीं। उन्होंने भक्तों को उनके दुखों,बीमारी और पारिवारिक क्लेशों से मुक्ति के अचूक उपाय तथा मार्गदर्शन दिए,जिसे देखकर उपस्थित जनसमुदाय जयकारों से गूंज उठा।
वही श्रीमद्भागवत कथा के पाँचवें दिन का सत्र विशेष रहा,जहाँ आध्यात्मिक गुरुओं के साथ-साथ प्रदेश के कई वरिष्ठ राजनेताओं और गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कथा श्रवण करने और व्यासपीठ का आशीर्वाद लेने पहुँचे अतिथियों में सुरेंद्र शर्मा,पूर्व अध्यक्ष,छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण परिषद,सुशील शर्मा,छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि एवं पूर्व अध्यक्ष,कृषि उपज मंडी,भाटापारा,हितेंद्र ठाकुर,पूर्व जिलाध्यक्ष,कांग्रेस कमेटी,बलौदाबाजार,सचिन शर्मा,पूर्व सचिव,जिला कांग्रेस कमेटी ने शामिल होकर कथा श्रवण किया
इस अवसर पर आयोजन समिति और स्थानीय पार्षदों व जनप्रतिनिधियों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में गांधी वार्ड के पार्षद विनय चोपड़ा,सनी शुक्ला,शशांक चौबे,नीरज यादव और बलवंत सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
माता-पिता की स्मृति में कथा का आयोजन सबसे बड़ा पुण्य कार्य:सुरेंद्र शर्मा
छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने व्यासपीठ को नमन करते हुए कहाकि संसार में माता-पिता से बढ़कर कोई नहीं है। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अपनी माताजी स्वर्गीय निर्मला शुक्ला की स्मृति में श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ और इस भव्य दिव्य दरबार का आयोजन कराकर एक पुत्र के रूप में अपना परम कर्तव्य निभाया है। ऐसी कथाएँ समाज में समरसता,संस्कार और धार्मिक चेतना का संचार करती हैं। महाराज जी के दिव्य दरबार से आज संकट में घिरे लोगों को जो संबल और समाधान मिल रहा है,वह सराहनीय है। मैं इस पुनीत कार्य के लिए पूरे शुक्ला परिवार को बधाई देता हूँ।
नगरवासियों की सुख-समृद्धि और माताजी का आशीर्वाद ही मेरा ध्येय:रोहित शुक्ला
कृतज्ञ मन से नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने उपस्थित जनसमुदाय और अतिथियों का आभार जताते हुए कहाकि यह आयोजन केवल मेरे परिवार का नहीं,बल्कि पूरे मुंगेली नगर का है। मेरी माताजी श्रीमती निर्मला शुक्ला जी हमेशा सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती थीं। आज वे हमारे बीच सशरीर नहीं हैं,लेकिन उनकी पुण्य स्मृति में आयोजित इस कथा और पूज्य अनिकेत कृष्ण महाराज जी के दिव्य दरबार के माध्यम से जो भक्तिमय माहौल बना है,उसमें मुझे साक्षात माताजी का आशीर्वाद महसूस हो रहा है। मेरा प्रयास है कि इस आयोजन के जरिए हमारे मुंगेली और आसपास के अंचल से आए हर श्रद्धालु को शांति मिले,उनके कष्ट दूर हों और हमारा नगर सुख-समृद्धि की ओर बढ़े। आप सभी संतों और अतिथियों का यहाँ आगमन मेरा परम सौभाग्य है।
देर रात तक गूँजते रहे भजनों के सुर
भागवत कथा के पाँचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा के प्रसंगों का सजीव वर्णन कथावाचक वीरेंद्र शास्त्री द्वारा किया गया,जिस पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए। वहीं,अनिकेत कृष्ण महाराज के दिव्य दरबार में देर रात तक भक्तों की अर्जी लगाने का सिलसिला चलता रहा।



