मुंगेली/भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन के मार्गदर्शन तथा जिला नेतृत्व की सहमति से भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की नगर मंडल कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। जारी सूची में कलार समाज के सचिव संतोष जायसवाल को भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा, मुंगेली नगर मंडल का मंत्री नियुक्त किया गया है।
संतोष जायसवाल लंबे समय से सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे कलार समाज में सचिव के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को संगठित करने का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही वे प्रभात फेरी संस्था से भी जुड़े हुए हैं और सेवा भाव के साथ सामाजिक कार्यों में निरंतर योगदान दे रहे हैं।
भाजपा संगठन द्वारा दी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से उनके समर्थकों, समाजजनों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि सामाजिक क्षेत्र में उनके अनुभव और सक्रियता का लाभ संगठन को मिलेगा तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी।
नवनियुक्त मंत्री संतोष जायसवाल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के सभी वर्गों के हित में कार्य करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
उनकी नियुक्ति पर समाज के वरिष्ठजन, शुभचिंतक एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।



