मुंगेली/नगर पालिका परिषद मुंगेली के सभाकक्ष में मंगलवार को परिषद की एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जहां एक ओर शहर के विकास को रफ्तार देने के लिए कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत एक अनूठी पहल की शुरुआत भी की गई। परिषद ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अब नगर पालिका की आगामी सभी बैठकों की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ की जाएगी।
पार्षद जितेंद्र दावड़ा ने रखा अनूठा प्रस्ताव
बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा के दौरान परमहंश वार्ड के सजग पार्षद जितेंद्र दावड़ा ने एक प्रेरक प्रस्ताव परिषद के समक्ष रखा। उन्होंने मांग की कि नगर पालिका परिषद की गरिमा और राष्ट्र के प्रति सम्मान को प्रकट करने के लिए भविष्य में आयोजित होने वाली सभी बैठकों को शुरू करने से पहले अनिवार्य रूप से राष्ट्रगान गाया जाए।
सीएमओ और अध्यक्ष ने जताई सहमति,गूंजा राष्ट्रगान
पार्षद दावड़ा के इस राष्ट्रभक्ति से प्रेरित प्रस्ताव का मुख्य नगरपालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर और नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने तुरंत स्वागत किया और इस पर अपनी सहमति जताई। इसके बाद सीएमओ ने बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों और कर्मचारियों से राष्ट्रगान गाने की अपील की।
अपील का असर यह हुआ कि नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,सीएमओ होरी सिंह ठाकुर,सभी वार्डों के पार्षदगण और पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तुरंत अपने स्थान पर ससम्मान खड़े हो गए और पूरा सभाकक्ष राष्ट्रगान की धुनों से गुंजायमान हो उठा।
विकास कार्यों के कई प्रस्ताव भी हुए पारित
राष्ट्रगान की इस ऐतिहासिक पहल के साथ ही बैठक में मुंगेली नगर के सुनियोजित विकास को लेकर विभिन्न वार्डों के निर्माण व जनकल्याणकारी कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पटल पर रखे गए। सभी पार्षदों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नगर हित में इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
चौतरफा हो रही सराहना
पार्षद जितेंद्र दावड़ा द्वारा परिषद की बैठक में राष्ट्रगान शुरू कराने के इस सकारात्मक और अनुकरणीय प्रयास की बैठक में मौजूद सभी लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों का भी कहना है कि इस फैसले से स्थानीय प्रशासन में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और एकजुटता का एक नया संदेश जाएगा।



