मुंगेली/नगर पालिका परिषद मुंगेली की एक महत्वपूर्ण और विशेष सम्मेलन बैठक मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर सहित परिषद के तमाम पार्षद और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान शहर के विकास,बुनियादी ढांचा सुधार,पेयजल संकट से निपटने और जनहित से जुड़े कुल 20 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई अहम प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन,नए निर्माण कार्यों,सड़क और नाला सफाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया गया।
बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय
पेयजल संकट से निपटने के लिए आपातकालीन कदम:शहर में गहराते पेयजल संकट को देखते हुए बैठक में वाटर पंपों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत विभिन्न वार्डों में चल रहे बोर खनन कार्यों की समय-सीमा बढ़ाने की स्वीकृति दी गई,ताकि गर्मियों में लोगों को पानी की किल्लत न हो।
शहर का बुनियादी ढांचा और सीसी रोड निर्माण:वार्ड क्र. 17 में इमली वृक्ष से मिली जॉन के घर तक सीसी सड़क के बचे हुए कार्यों को ₹11.25 लाख की लागत से पूरा करने की मंजूरी दी गई। इसके अलावा वार्ड क्र. 19 में भुरूवा फर्नीचर से सागर सोनी के घर तक सीसी रोड निर्माण के लिए प्राप्त न्यूनतम निविदा को भी परिषद ने पास कर दिया।
लाखों की लागत से बदलेंगे सामुदायिक और शैक्षणिक स्थल:आगर नदी के पास चट घाट (वार्ड 02) के सामने ₹33.01 लाख की लागत से सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु प्रथम ई-निविदा आमंत्रित करने पर सहमति बनी।
ठक्करबापा वार्ड क्र.12 में अहाता निर्माण एवं शौचालय निर्माण कार्य ₹20.00 लाख,पीएम श्री बी.आर. साव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पेवर ब्लॉक कार्य ₹20.00 लाख और शेड निर्माण कार्य ₹24.90 लाख को मंजूरी दी गई।
स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन:सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का कड़ाई से पालन करने पर चर्चा हुई। सूखा और गीला कचरा प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना और पुराने संयंत्रों के अपग्रेडेशन कार्य को हरी झंडी दी गई। इसके साथ ही 15वें वित्त आयोग के तहत ‘टाइड मद’ से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सेक्टर के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।
खड़खड़िया नाला की सफाई और जलभराव से मुक्ति:मानसून की दस्तक को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख खड़खड़िया नाला की व्यापक सफाई करने का प्रस्ताव पास किया गया,ताकि बारिश के दिनों में शहर में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो।
गौ-धाम के लिए एम्बुलेंस:पशु कल्याण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा गौ-धाम हेतु ₹15.00 लाख की लागत से ‘गौ एम्बुलेंस’ सेवा शुरू करने के प्रस्ताव पर विचार और स्वीकृति दी गई।
नपा अध्यक्ष ने कहा:विकास और जनहित सर्वोपरि
बैठक की समाप्ति पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि आज पारित किए गए सभी प्रस्ताव मुंगेली शहर की सूरत बदलने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पानी की सप्लाई और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए।
बैठक के अंत में नगर पालिका परिषद के कर्मचारी खिलेश्वर दीक्षित के पिताजी के आकस्मिक निधन पर उन्हें परिषद के द्वारा श्रद्धांजलि दिया गया
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा एवं पार्षदगणों में श्रीमती संगीता अन्नू साहू,असलम खान,अरविंद वैष्णव,मोहन मल्लाह,जितेन्द्र कुमार दावड़ा,श्रीमती प्रतिमा रवि कोशले,सूरज यादव,विनय चोपड़ा,श्रीमती अर्चना सत्तू देवांगन,श्रीमती आयशा मकबूल खान,संजय चंदेल,श्रीमती विजयलक्ष्मी अवधेश शुक्ला,श्रीमती छोटी सत्येन्द्र सिंह परिहार,रामकिशोर देवांगन,अजय साहू,विजय बंजारे,निमेष देवांगन,रोशन सोनी,कुलदीप पाटले,दिलीप सोनी एवं श्रीमती गौरी श्रवण सोनकर एवं इंजीनियर विद्यानंद मधुकर यादव,नेमीचंद वर्मा,पदमराज सिंह,कोमल भास्कर,रवि सोनवानी,वीरेंद्र वर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे



