मुंगेली/के स्वामी विवेकानंद वार्ड में जमीन कब्जे के विवाद को लेकर हुए मारपीट के मामले में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की।
प्रार्थिया श्रीमती लता गुप्ता निवासी स्वामी विवेकानंद वार्ड ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके घर में सेप्टिक टैंक निर्माण कार्य चल रहा था,जिसके लिए ईंट मंगाई गई थी। दिनांक 14 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे उनका पुत्र राजू मजदूरों के साथ ईंट घर के अंदर ले जा रहा था। इसी दौरान गली से ईंट लाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार,पड़ोस में रहने वाले संतोष गुप्ता और दिनेश गुप्ता ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया,जबकि अन्य आरोपियों ने हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थिया लता गुप्ता और उनकी पुत्री नेहा गुप्ता के साथ भी मारपीट की गई।
प्रार्थिया ने आरोप लगाया कि आरोपी उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से लगातार विवाद और मारपीट कर रहे थे। शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल और विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शांति भंग होने की आशंका पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में संतोष गुप्ता (30 वर्ष),दिनेश गुप्ता (50 वर्ष),रमेश गुप्ता (47 वर्ष) तथा अभिषेक गुप्ता उर्फ लक्की (30 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी स्वामी विवेकानंद वार्ड क्रमांक-10 मुंगेली के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी कर धारा 126(बी) एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत बाउंड ओवर की कार्रवाई हेतु न्यायालय में पेश किया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कार्तिकेश्वर जांगड़े,उपनिरीक्षक पारख साहू एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



