मुंगेली/नगर के गर्ल्स स्कूल मार्ग में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां करंट लगने से एक वानर की मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला को सूचित किया।
सूचना मिलते ही श्री शुक्ला बिना देर किए घटना स्थल पर पहुंचे। श्री हनुमान जी के प्रति अपनी गहरी आस्था और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन्होंने वानर के शव को सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की व्यवस्था की। इसके बाद बड़ा बाजार स्थित नदी किनारे पूरे विधि-विधान के साथ वानर का अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के साथ योगेश ताम्रकार और काके उत्पल भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर श्रद्धापूर्वक वानर को अंतिम विदाई दी। इतना ही नहीं,वानर की स्मृति में एक पीपल का पौधा भी लगाया गया,जिसे श्रद्धांजलि का प्रतीक माना गया।
यह घटना न केवल एक दुखद हादसा है,बल्कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और पशु प्रेम की भावना समाज के लिए एक प्रेरणा भी है। उनके इस मानवीय पहल की नगरवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार का कार्य समाज में जीवों के प्रति दया और करुणा की भावना को मजबूत करता है। प्रशासन से यह भी अपेक्षा की जा रही है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जाए।





