कवर्धा/कबीरधाम भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर “गांव चलो-बस्ती चलो अभियान” के अंतर्गत कबीरधाम जिले के कुंडा मंडल में व्यापक जनसंपर्क एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देशानुसार संपन्न हुआ,जिसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में शक्ति केंद्र प्रभारी सुरेश दुबे के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव पहुंचकर आमजन से संवाद किया और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी लोगों तक पहुंचाई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास और विश्वास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है,जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रवक्ता के रूप में उपस्थित प्रतिनिधि ने उज्ज्वला योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना,आयुष्मान भारत योजना,स्वच्छ भारत मिशन सहित अनेक योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं,बल्कि सेवा,समर्पण और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से प्रेरित है।
कार्यक्रम के दौरान सुरेश दुबे,रामस्वरूप साहू,संतोष चंद्रवंशी,बबली साहू,साजन सारथी,सुमन गुप्ता (महामंत्री कुंडा),रोहिणी चंद्राकर,राजू चंद्राकर और राम प्रताप सेन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर हरी मंदिर परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाया और स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके पश्चात वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता हीरालाल सोनी का सम्मान किया गया। साथ ही पुराने कार्यकर्ता जागेला दास मानिकपुरी के निवास पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी को श्रीफल भेंट कर सम्मान प्रकट किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत राजेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क कर भाजपा की विचारधारा और केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लोगों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से गरीब,किसान,मजदूर और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि सेवा,समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। “गांव चलो-बस्ती चलो अभियान” के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता लगातार गांव-गांव जाकर जनसंवाद कर रहे हैं और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।





