मुंगेली/जिले के लोरमी थाना क्षेत्र के पेंड़्रीतालाब गांव में दिवाली की शाम बच्चों के फटाखा फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। घटना में एक ही परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है,जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक की तलाश जारी है।
घटना 21 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। प्रार्थिया जमुना बाई दिवाकर (45 वर्ष),निवासी टेकनपारा पेंड़्रीतालाब थाना लोर्मी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी शाम उनके घर के सामने बच्चे फटाके फोड़ रहे थे। इसी दौरान राजकुमार धृतलहरे अपने चाचा नीलकुमार के साथ वहां से गुजर रहे थे। दोनों ने बच्चों को सड़क पर फटाखे न फोड़ने की समझाइश दी,जिस पर मामूली विवाद हुआ,लेकिन लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया।
लेकिन इसके बाद राजकुमार ने पूरी बात अपने पिता दिलीप घृतलहरे को बताई। पुरानी रंजिश के चलते दिलीप ने अपने परिजनों नीलकुमार,देवकुमार और एक नाबालिग के साथ मिलकर दिवाकर परिवार पर हमला करने की योजना बनाई। सभी आरोपी लोहे की रॉड,डंडा और चाकूनुमा जैसे हथियार लेकर प्रीतम दिवाकर के घर में जबरन घुस गए।
जैसे ही प्रीतम दिवाकर ने उन्हें रोकने की कोशिश की,आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लोहे की रॉड और डंडे से सिर, हाथ और पैर पर कई वार किए गए जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे जमुना बाई,ओमप्रकाश दिवाकर,उमेश दिवाकर और नरेंद्र दिवाकर पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया।
इतना ही नहीं,आरोपियों ने मौके पर खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में जांच की गई।
विवेचना के दौरान आरोपियों के खिलाफ शुरू में दर्ज अपराध क्रमांक 586/25 में धारा 296, 351(2), 115(2), 333, 3(5) बीएनएस जोड़ी गई थी। बाद में साक्ष्यों और हमले की प्रकृति को देखते हुए धाराएं 191(2), 191(3),190,118(1), 324(5), 109 बीएनएस भी जोड़ी गईं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की,जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों के पास से डंडा, लोहे की रॉड और चाकूनुमा हथियार जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
1️⃣ राजकुमार घृतलहरे (23 वर्ष) पुत्र दिलीप घृतलहरे
2️⃣ दिलीप कुमार घृतलहरे (42 वर्ष) पुत्र मोहितराम घृतलहरे
3️⃣ नीलकुमार घृतलहरे (30 वर्ष) पुत्र मोहितराम
4️⃣ देवकुमार घृतलहरे (19 वर्ष) पुत्र दिलीप कुमार घृतलहरे
सभी आरोपी साकिन बांधा चौकी जूनापारा थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर के निवासी हैं।
चारों को 23 अक्टूबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक की तलाश पुलिस द्वारा जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव,उप निरीक्षक सुंदरलाल गोरले,सउनि राजकुमारी यादव,प्रआर शेषनारायण कश्यप,आर. देवीचंद नवरंग,धर्मेंद्र यादव,गणेश ध्रुव एवं कवि टोप्पो की भूमिका सराहनीय रही।



