मुंगेली/क्षेत्र के युवाओं और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले चेहरों को आगे बढ़ाने की कड़ी में एक बड़ा निर्णय लिया गया है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद तोखन साहू ने मुंगेली के प्रतिष्ठित शासकीय एस.एन.जी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय की जन भागीदारी समिति के लिए युवा भाजपा नेता व मुखर सामाजिक कार्यकर्ता रवि साहू को अपना सांसद प्रतिनिधि मनोनीत किया है। इस संबंध में केंद्रीय राज्य मंत्री कार्यालय से आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है।
संगठन और समाज में सक्रियता का मिला प्रतिफल
जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार,मुंगेली के बशीर खान वार्ड के निवासी रवि साहू को महाविद्यालय की जन भागीदारी समिति में सांसद प्रतिनिधि का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। यह नियुक्ति केंद्रीय राज्य मंत्री व सांसद तोखन साहू के सीधे निर्देश पर की गई है, जिसे क्षेत्र में युवाओं को नेतृत्व क्षमता सौंपने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
रवि साहू वर्तमान में दो महत्वपूर्ण सांगठनिक जिम्मेदारियों को संभाल रहे हैं
अध्यक्ष तहसील साहू संघ युवा प्रकोष्ठ,मुंगेली
महामंत्री भारतीय जनता युवा मोर्चा मुंगेली शहर
वे लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक,शैक्षणिक और जनहित के मुद्दों पर वे लगातार मुखर रहे हैं और जनसेवा के कार्यों में अपनी निरंतर सहभागिता दर्ज कराते आए हैं।
कॉलेज के विकास और छात्रों के मुद्दों को मिलेगी नई गति
एस.एन.जी. महाविद्यालय मुंगेली जिले के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में से एक है। जन भागीदारी समिति में रवि साहू जैसे ऊर्जावान और युवाओं के बीच पकड़ रखने वाले प्रतिनिधि के आने से कॉलेज के शैक्षणिक माहौल, बुनियादी सुविधाओं के विकास और छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
हर्ष का माहौल,समर्थकों ने जताया आभार
रवि साहू के इस महत्वपूर्ण पद पर मनोनयन की खबर मिलते ही मुंगेली क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं,विभिन्न सामाजिक संगठनों,शुभचिंतकों और आम नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों ने केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू के प्रति इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया है। साथ ही रवि साहू को गुलदस्ता भेंट कर और मिठाई खिलाकर नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।



