मुंगेली/नगर इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहा है और इसी के साथ शहर के कई वार्डों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। जर्जर पाइपलाइन,खराब बोर और जल आपूर्ति व्यवस्था में आई खामियों के चलते आम नागरिकों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों की दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित होने लगी है।
इन्हीं समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने सक्रियता दिखाते हुए नगर पालिका सीएमओ अंकुर पाण्डेय से टेलीफोनिक चर्चा की। उन्होंने शहर में व्याप्त पेयजल संकट, खराब पाइपलाइन और जल स्रोतों की स्थिति को लेकर तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष श्री मिश्रा के निर्देश के बाद नगर पालिका के जल विभाग की टीम ने बिना देरी किए प्रभावित वार्डों में पहुंचकर सुधार कार्य शुरू कर दिया। इस दौरान जयप्रकाश मिश्रा तपिश भरी गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद स्वयं मौके पर मौजूद रहे और कार्यों की निगरानी करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
उन्होंने रामगोपाल तिवारी वार्ड सहित अन्य कई वार्डों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस मौके पर गौरीशंकर,सनत यादव,राजू सोनी,अमित चंदेल,प्रमोद साहू,कौशल साहू,शिवेश श्रीवास्तव,टीकम सहित अन्य नागरिक भी उपस्थित रहे और सुधार कार्यों में सहयोग करते नजर आए।
नगर पालिका द्वारा शुरू किए गए इस त्वरित कदम से जहां एक ओर लोगों में राहत की उम्मीद जगी है,वहीं दूसरी ओर प्रशासन की सक्रियता भी देखने को मिली है। अब देखना होगा कि यह प्रयास कितनी जल्दी आम जनता को राहत पहुंचा पाते हैं।



