पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष त्रिभुवन यादव ने युवाओं को सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने किया प्रेरित,रेजांगला युद्ध में यादव वीरों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान की सुनाई गौरवगाथा
मुंगेली/रेजांगला दिवस के अवसर पर मुंगेली जिले के यादव समाज द्वारा नगर के पुराना बस स्टैंड पर स्थित जय स्तम्भ चौक में श्रद्धांजलि एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों,गणमान्य नागरिकों,पूर्व सैनिक संगठन मुंगेली के अध्यक्ष तथा भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने की तैयारी कर रहे युवाओं की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में रेजांगला युद्ध के दौरान मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने वीर जवानों के अदम्य साहस,शौर्य और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक संगठन मुंगेली के अध्यक्ष ने अपने सैन्य अनुभव साझा करते हुए युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रेजांगला युद्ध की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और उसमें अहीर समाज के वीर जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान लद्दाख के रेजांगला मोर्चे पर 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के जवानों ने जिस अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया,वह भारतीय सैन्य इतिहास की अमर गाथाओं में शामिल है। इस कंपनी में अधिकांश जवान अहीर यानी यादव समाज से थे।
माइनस 30 डिग्री तापमान में भी नहीं डिगे वीर जवानों के कदम
रेजांगला की लड़ाई में मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में भारतीय सैनिकों ने अत्यंत विषम परिस्थितियों में दुश्मन का सामना किया था। माइनस 30 डिग्री के भीषण तापमान,सीमित संसाधनों और हथियारों की चुनौतियों के बावजूद भारतीय जवानों ने अद्भुत पराक्रम दिखाया। लगभग 120 जवानों की इस कंपनी ने हजारों की संख्या में आगे बढ़ रहे चीनी सैनिकों का डटकर मुकाबला किया। इस ऐतिहासिक युद्ध में 114 भारतीय जवान वीरगति को प्राप्त हुए,लेकिन उन्होंने अंतिम गोली और अंतिम सांस तक मातृभूमि की रक्षा के अपने संकल्प को नहीं छोड़ा। रेजांगला की इस लड़ाई में भारतीय सैनिकों ने दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचाया और अद्वितीय शौर्य का परिचय दिया।
अहीर धाम बना वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक
वक्ताओं ने बताया कि रेजांगला युद्ध की सबसे भावुक कर देने वाली घटनाओं में से एक यह थी कि युद्ध के कई महीनों बाद जब बर्फ पिघली तो अनेक शहीद जवान अपने मोर्चों पर हथियार थामे हुए मिले। उनके शरीर बर्फ में जम चुके थे,लेकिन उनके हाथों में बंदूकें इस बात की गवाही दे रही थीं कि उन्होंने आखिरी क्षण तक मोर्चा नहीं छोड़ा। लद्दाख के चुशुल में इन वीर जवानों के अंतिम संस्कार और स्मृति से जुड़ा युद्ध स्मारक आज भी उनके बलिदान की याद दिलाता है,जिसे अहीर धाम के नाम से भी जाना जाता है।
अहीर रेजिमेंट गठन की मांग भी शौर्यगाथा से जुड़ी
वक्ताओं ने कहा कि रेजांगला का युद्ध केवल एक सैन्य संघर्ष नहीं,बल्कि अदम्य साहस,राष्ट्रभक्ति,त्याग और समर्पण की ऐसी मिसाल है,जिस पर संपूर्ण देश को गर्व है। यादव समाज के वीर जवानों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना देश की सीमाओं की रक्षा की और आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति का अमिट उदाहरण प्रस्तुत किया। इसी ऐतिहासिक शौर्यगाथा और समाज के सैन्य योगदान को देखते हुए भारतीय सेना में अलग अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग भी समय-समय पर उठती रही है।
युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना जागृत करना समाज की जिम्मेदारी
यादव समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि देश की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों का सम्मान करना और उनके बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रसेवा,अनुशासन और समर्पण की भावना जागृत करते हैं। समाज के युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सेना एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में जाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए,ताकि वे देश की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में त्रिभुवन यादव,पार्षद सूरज यादव,महेश यादव,मोहित यादव,हरिश्चंद यादव,दुर्गेश यादव,राहुल यादव,जग्गू यादव,राजेश यादव,चन्द्रसागर,आकाश राजपूत,टुकेश यादव,दीपक साहू,कृष्णा यादव,देरहू राम,संदीप कुमार,रामेश्वर साहू,हुकुम चंद साहू,यश कुमार साहू,डेरहा राम साहू,कृष साहू,परमानंद साहू,धीरेंद्र यादव,कमल यादव सहित समाज के पदाधिकारी,गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।



