मुंगेली/नगर पालिका परिषद मुंगेली क्षेत्र के विभिन्न मार्गों में पिछले 11 दिनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट के कारण आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नगर के प्रमुख मुख्यमार्गों में अंधेरा पसरा होने से रात्रि में आवागमन करने वाले राहगीरों,व्यापारियों एवं आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के अवसर पर बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण यह समस्या और भी गंभीर हो गई थी। त्योहार के दौरान देर रात तक बाजारों में चहल-पहल रहने के बावजूद मुख्य मार्गों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। इसे लेकर नगरवासियों द्वारा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को जल्द बहाल करने की मांग की जा रही थी।
इसी बीच नगर पालिका परिषद मुंगेली में नवपदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी ने पदभार ग्रहण करते ही सबसे पहले इस जनसमस्या को प्राथमिकता देते हुए इसके निराकरण की दिशा में पहल की। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर पिछले 11 दिनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट को पुनः चालू करने के संबंध में बातचीत की,जिसके बाद स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बहाल करने पर सहमति बनी और इस सेवा को पुनः चालू किया गया।
सीएमओ आशीष तिवारी की पदभार ग्रहण करते ही दिखाई गई इस सक्रियता को नगर की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्ट्रीट लाइट शुरू कराने के लिए नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मोहन मल्लाह,एल्डरमैन संजय वर्मा,एल्डरमैन अमितेश विज्जु आर्य एवं पार्षद प्रतिनिधि आयुष शुक्ला द्वारा भी विशेष पहल की गई। जनप्रतिनिधियों ने आम जनता की परेशानी को देखते हुए इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया।
गौरतलब है कि दीपावली के दौरान नगर के बाजारों और प्रमुख मार्गों पर देर शाम से लेकर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में मुख्यमार्गों पर स्ट्रीट लाइट बंद होने से न केवल व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी हो रही थी,बल्कि अंधेरे के कारण दुर्घटना और सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी हुई थीं। त्योहार के समय नगर की सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होना बेहद आवश्यक है।
नवपदस्थ सीएमओ द्वारा पदभार ग्रहण करते ही इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित करना नगरवासियों के लिए राहत भरी पहल है। अब नगरवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही नगर के सभी प्रभावित मार्गों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पूरी तरह सुचारू होगी,जिससे दीपावली के त्योहार सहित आगामी दिनों में रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगा।



