मुंगेली/शासन के निर्देशानुसार नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करही में शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शाला विकास समिति करही के अध्यक्ष आशुतोष पांडेय,विशिष्ट अतिथि डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा एवं ग्राम सरपंच आनंद राम महिलांग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों,जनभागीदारी एवं शाला विकास समिति के सदस्यों तथा विद्यालय परिवार द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य जे.एस. ध्रुव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संदेश पढ़कर सुनाया तथा नवीन शिक्षा सत्र के महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्राचार्य,प्रधान पाठक एवं शिक्षकों द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर मुँह मीठा कराते हुए विद्यालय में प्रवेश दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि आशुतोष पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने की अपील करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है,जिससे विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
शाला विकास समिति के सदस्य सुधीर मिश्रा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एक समय था जब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को हीन भावना से देखा जाता था,लेकिन आज विज्ञान,तकनीक,प्रशासन और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से परिश्रम एवं अनुशासन के साथ शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कर उनका स्वागत किया तथा शासन द्वारा छात्रहित में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य जे.एस. ध्रुव ने सभी अतिथियों,अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शासकीय उच्च माध्यमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय करही के व्याख्याता आर.के. वैष्णव,राखी पाठक,निधि दवे,प्रभा वैष्णव,सरिता गुप्ता,रितु पांडेय,सी. व्यास,भारती देवांगन,कामना मिश्रा,आर. शर्मा,आर.के. पटेल,बी.के. कश्यप,आर. मरावी,प्रभारी प्रधान पाठक पी. पांडेय,नेहा राजपूत,नीता दयाल,निधि पांडेय,रीता चतुरगोष्ठी सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन मोनिका ठाकुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम संबंधी जानकारी शाला के मीडिया प्रभारी नवाब अली खान ने प्रदान की।



