मुंगेली/पुरुषोत्तम मास को सनातन धर्म में आध्यात्मिक साधना, दान-पुण्य और आत्मशुद्धि का सर्वोत्तम काल माना गया है। भगवान विष्णु को समर्पित इस पावन मास में किए गए जप, तप, व्रत, कथा-श्रवण और पूजा-अर्चना का फल कई गुना बढ़ जाता है। इसी आध्यात्मिक महत्व को आत्मसात करते हुए नगर के राधाकृष्ण मंदिर में नगर संरक्षक एवं प्रदेश विशिष्ट सलाहकार अनीता गुप्ता के मार्गदर्शन में केशरवानी महिला समिति द्वारा ग्यारह दिवसीय अखंड ज्योति कलश स्थापना एवं पुरुषोत्तम कथा का भव्य आयोजन किया गया।
धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता निभाई। कथा वाचन के लिए आमंत्रित आचार्य अजय पाण्डेय ने प्रतिदिन पुरुषोत्तम माह के महत्व का विस्तार से वर्णन करते हुए 31 अध्यायों की कथा का रसपान कराया। उन्होंने बताया कि यह मास मोक्ष प्राप्ति, पापों के क्षय और ईश्वर की विशेष कृपा प्राप्त करने का दुर्लभ अवसर प्रदान करता है। आचार्य ने जप, तप, दान और भक्ति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान समिति की महिलाओं ने रुद्राभिषेक एवं लक्ष्मीनारायण अभिषेक जैसे विशेष पूजन सम्पन्न कराए। आयोजन का सबसे आकर्षक पक्ष समिति की एकता और संगठन शक्ति रही। प्रतिदिन महिलाएं एक समान रंग की साड़ी एवं आभूषण धारण कर मंदिर पहुंचीं, जिससे धार्मिक आयोजन में अनुशासन,समरसता और सांस्कृतिक सौंदर्य का अनूठा दृश्य देखने को मिला। इसके अलावा भक्तिमय रील निर्माण,चढ़ोत्तरी,सामूहिक आरती और विभिन्न धार्मिक गतिविधियों ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
ग्यारहवें और अंतिम दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन,33 ब्राह्मणों का सम्मान एवं ब्राह्मण भोज तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर वैश्य सभा के अध्यक्ष राजेश केशरवानी,सचिव विवेक केशरवानी एवं तरुण सभा अध्यक्ष अमित गुप्ता ने ब्राह्मण देवों का पूजन कर उन्हें वस्त्र एवं अन्य उपहार भेंट किए तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी के नगरहित में किए गए योगदान की भी सराहना की गई। विशेष रूप से नगर में कुलगुरु गोत्राचार्य महर्षि कश्यप मुनि चौक एवं डॉ. भानुप्रताप गुप्ता चौक का नामकरण कराने में उनके अथक प्रयासों को रेखांकित किया गया। इस उपलब्धि पर नगर वैश्य सभा के संरक्षक संजीव गुप्ता एवं केशरवानी महिला समिति द्वारा उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
उल्लेखनीय है कि अनीता गुप्ता के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में केशरवानी महिला समिति समय-समय पर सवा लाख शिवलिंग पूजा,मूर्ति स्थापना और अन्य भव्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का सफल आयोजन करती रही है। समिति की सक्रियता और सामाजिक समर्पण ने नगर में एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
कार्यक्रम का समापन भगवान राधा-कृष्ण के जयघोष और भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण में हुआ। श्रद्धालुओं के बीच पूरी-खीर प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर के बड़ी संख्या में सामाजिक,धार्मिक एवं वैश्य समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि समाज में एकता, सेवा और संस्कारों का भी प्रभावी संदेश दिया।









