दशहरा के दिन की गई घोषणा हुई पूरी,अब दूधिया रोशनी से जगमगाएगा शहर का प्रमुख खेल मैदान,नगरवासियों में हर्ष
मुंगेली/प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रयासों से मुंगेली नगर को एक और बड़ी सौगात मिली है। नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए नगर के वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में फ्लड लाइट लगाने के लिए 49 लाख 91 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस संबंध में संचालनालय,नगरीय प्रशासन एवं विकास छत्तीसगढ़ द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी किया गया है।
गौरतलब है कि नगर के बी आर साव स्कूल परिसर में स्थित वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में रात्रिकालीन खेल गतिविधियों एवं विभिन्न आयोजनों के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए दशहरा पर्व के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने आम जनता को संबोधित करते हुए स्टेडियम में फ्लड लाइट की व्यवस्था कराने की घोषणा की थी। अब शासन द्वारा 49.91 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान किए जाने से उनकी घोषणा को मूर्त रूप मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
स्टेडियम में फ्लड लाइट की सुविधा उपलब्ध होने से खिलाड़ियों को रात्रि के समय भी खेल अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही क्रिकेट,फुटबॉल सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं एवं सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के आयोजन में भी सुविधा होगी। खासकर उन खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा, जिन्हें दिन के समय अपनी पढ़ाई अथवा अन्य कार्यों के चलते खेल अभ्यास के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता है। फ्लड लाइट लगने से स्टेडियम की उपयोगिता में भी वृद्धि होगी और नगर में खेल गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा।
वहीं इस सौगात को लेकर नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर की आवश्यकताओं और आम जनता की मांग को प्राथमिकता देते हुए स्टेडियम में फ्लड लाइट की व्यवस्था के लिए 49 लाख 91 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान करना सराहनीय पहल है। इससे नगर के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुंगेली नगर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार सकारात्मक पहल की जा रही है। दशहरा के अवसर पर की गई घोषणा को इतनी जल्दी स्वीकृति मिलना नगर के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसके लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव का पुनः आभार व्यक्त किया।
कुल मिलाकर,वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में फ्लड लाइट लगाने की स्वीकृति मुंगेली के खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इससे न केवल खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी,बल्कि आने वाले समय में स्टेडियम रात्रिकालीन खेल आयोजनों का भी प्रमुख केंद्र बन सकेगा।



