मुंगेली/वर्ष 2012 में मुंगेली जिला अतित्व में आया था। जिला निर्माण के साथ ही यहां प्रदेश सरकार द्वारा कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारियों की पदस्थापना की गई। शासन की मंशा थी कि जिला बनने के बाद स्थानीय लोगों को शासकीय योजनाओं और प्रशासनिक सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके। लोगों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए दूसरे जिलों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और जिला मुख्यालय में ही उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सके। लेकिन इसे जिले का दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि जिला निर्माण के लगभग 14 वर्ष बीत जाने के बाद भी आम जनता को अपने ही कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
जिले में कई ऐसे विभाग हैं,जहां पदस्थ विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। आम लोगों का आरोप है कि कुछ विभागीय अधिकारी अपने कार्यालयों में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते। वे कभी बैठकों में तो कभी शासकीय आयोजनों में दिखाई देते हैं,लेकिन सामान्य कार्यदिवसों में जब आम नागरिक अपनी समस्याएं लेकर उनके कार्यालय पहुंचते हैं,तब जिम्मेदार अधिकारी नदारद मिलते हैं। ऐसे में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से किराया खर्च कर और अपना कीमती समय निकालकर जिला मुख्यालय पहुंचने वाले लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ता है।
आखिर किसके भरोसे चल रहे हैं विभाग?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिलास्तर के अधिकारियों की पदस्थापना आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है, तो फिर उनके कार्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रही है? क्या विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है? यदि किसी अधिकारी को शासकीय बैठक, दौरे या अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल होना है,तो क्या उनके स्थान पर आम जनता की समस्याएं सुनने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी उपलब्ध नहीं कराया जा सकता?
सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों की अनुपस्थिति का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। प्रमाण पत्र,विभागीय स्वीकृति,शिकायतों और अन्य शासकीय कार्यों के लिए लोग कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कई बार एक ही काम के लिए लोगों को कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। इससे न केवल आम जनता का समय और पैसा बर्बाद होता है,बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठते हैं।
कलेक्टर जनदर्शन में बढ़ते आवेदन भी व्यवस्था पर सवाल
जिले में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले कलेक्टर जनदर्शन में आम नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर आवेदन प्रस्तुत करते हैं। लोगों का कहना है कि विभागीय स्तर पर अधिकारियों की नियमित उपस्थिति और समस्याओं के निराकरण में गंभीरता होती तो शायद आम जनता को बार-बार कलेक्टर जनदर्शन तक पहुंचने की आवश्यकता नहीं पड़ती। विभागीय स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण लोगों को जिला प्रशासन के सामने अपनी फरियाद रखनी पड़ती है।
जनदर्शन में लगातार सामने आ रही समस्याएं इस बात की ओर भी इशारा करती हैं कि विभागीय अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति अधिक गंभीर और जवाबदेह होने की आवश्यकता है। आखिर जब आम जनता की समस्याओं का समाधान संबंधित विभाग में ही होना चाहिए,तो उन्हें कलेक्टर के पास पहुंचने की नौबत क्यों आ रही है?
आम जनता की कलेक्टर से अपील,अधिकारियों की कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करें
इस पूरे मामले को लेकर जिले के आम नागरिकों ने कलेक्टर से अपील की है कि वे इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लें। जिले के सभी विभागीय अधिकारियों की कार्यदिवसों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही ऐसे अधिकारियों की निगरानी के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए,जो बिना उचित कारण अपने कार्यालयों से अनुपस्थित रहते हैं।
आम जनता की मांग है कि कार्यालयों में अधिकारियों की उपस्थिति की नियमित जांच हो और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा यदि कोई अधिकारी शासकीय बैठक या दौरे पर जाता है,तो कार्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,ताकि आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए भटकना न पड़े।
जिला निर्माण के 14 वर्ष बाद भी यदि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए अधिकारियों की तलाश करनी पड़ रही है,तो यह निश्चित रूप से प्रशासनिक व्यवस्था के लिए आत्ममंथन का विषय है। अब देखना होगा कि कलेक्टर इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाते हैं और आम जनता को सरकारी कार्यालयों में बेहतर सुविधा दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।



