मुंगेली/खैरवार चौक बाईपास के पास हर दिन दुर्घटनाएं घट रही हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के निवासी अतुल प्रताप सिंह ठाकुर ग्राम नुनियाकछार निवासी ने इस गंभीर समस्या को लेकर प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।
अतुल प्रताप सिंह ठाकुर का कहना है कि बाईपास के समीप भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियंत्रण के अभाव में दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। कई बार तो स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि लोग सड़क पार करने से भी डरते हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि जल्द ही स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए, तो हादसों की संख्या और बढ़ सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कैमरे लगने से यातायात व्यवस्था सुधरेगी और नियम तोड़ने वाले वाहनों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। वहीं स्पीड ब्रेकर बनने से वाहन चालकों की गति नियंत्रित होगी और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन का मौका मिलेगा।
लोगों ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन कर जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ब्रेकर और कैमरा लगाने की कार्यवाही की जाए,ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को राहत मिले।



