मुंगेली। नगर के सिटी कोतवाली क्षेत्र के भगवान परशुराम चौक,पुराना बस स्टैंड में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यातायात विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के तहत कुल 23 प्रकरण दर्ज किए गए,जिनसे विभाग को ₹8,300 का समन शुल्क प्राप्त हुआ।यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से की गई इस कार्यवाही का नेतृत्व यातायात प्रभारी यशवंत सिंह राजपूत ने किया। उनके साथ सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह राजपूत,आरक्षक सीताराम बर्मन,रोशन साहू,चंद्रभूषण सिंह राजपूत,शंकर यादव,फागुलाल गोस्वामी एवं अजीत सिंह परिहार सक्रिय रूप से शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा,ताकि लोग यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें, सीट बेल्ट लगाएँ,और शराब पीकर वाहन न चलाएँ।
यातायात विभाग की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में नियमों के पालन को लेकर जागरूकता और अनुशासन देखने को मिला।



