मुंगेली/नगर की पहचान और आम लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बना चुका बहुप्रतीक्षित मुंगेली व्यापार मेला शुक्रवार 27 नवंबर से शुरू हो गया। नगर के तिहार के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुके इस मेले का आयोजन 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक नगर के शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम,बी.आर. साव स्कूल परिसर में किया जा रहा है। मेले के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित जनप्रतिनिधियों,सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के प्रमुख लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
व्यापार मेले के प्रथम दिन विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं अन्य अतिथियों ने सर्वप्रथम भगवान श्री गणेश,मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा मेले के सफल आयोजन की कामना की। धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप हुए इस शुभारंभ ने आयोजन को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।
मुंगेली की पहचान बन चुका है व्यापार मेला
मुंगेली व्यापार मेला अब केवल खरीदारी और व्यापार का आयोजन भर नहीं रह गया है,बल्कि यह नगरवासियों के लिए उत्सव,मेल-मिलाप और मनोरंजन का एक महत्वपूर्ण अवसर बन चुका है। प्रतिवर्ष इस मेले का लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए भी यह मेला आकर्षण का केंद्र रहता है। यहां व्यापारिक गतिविधियों के साथ विभिन्न प्रकार के उत्पादों,दुकानों और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर मिलता है।
सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन से नगर में उत्सवी माहौल बनने के साथ स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। व्यापारियों,दुकानदारों और आम नागरिकों के लिए यह मेला एक ऐसा साझा मंच है,जहां व्यापार के साथ सामाजिक सहभागिता और आपसी मेलजोल को भी बढ़ावा मिलता है।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
शुभारंभ समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी,प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल सोनी,नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष शैलेश पाठक,नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा,जनपद अध्यक्ष रामकमल सिंह ठाकुर,पूर्व जनपद उपाध्यक्ष शिवप्रताप सिंह,वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम आर्य,गिरीश शुक्ला,नेता प्रतिपक्ष मोहन मल्लाह,एल्डरमैन संजय वर्मा,एल्डरमैन अमितेश विज्जू आर्य,वरिष्ठ अधिवक्ता रविंदर सिंह छाबड़ा,राजेंद्र वैष्णव,मोहन भोजवानी,एल्डरमैन डॉ. लेखु साहू,खेमराज मोहले,अशोक मंगलानी,संजीव गुप्ता,आशीष मिश्रा,तुलजा लेडवानी एवं कैलाश रोहरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्टार ऑफ टुमारो की टीम ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
इस भव्य आयोजन के आयोजक स्टार ऑफ टुमारो समिति के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर,सह संयोजक रामशरण यादव,अध्यक्ष महावीर सिंह ठाकुर एवं सचिव विनोद यादव सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा व्यापार मेले को सफल और आकर्षक बनाने के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।
मुंगेलीवासियों के उत्साह और सहभागिता के बीच शुरू हुआ यह व्यापार मेला आगामी 3 दिसंबर तक नगर में रौनक बिखेरेगा। उम्मीद है कि सात दिनों तक चलने वाला यह आयोजन व्यापार,मनोरंजन और सामाजिक एकजुटता के साथ मुंगेली की उत्सवी परंपरा को एक बार फिर नई पहचान देगा।



