जन्मदिन समारोह में पत्रकारिता के नए अध्याय का शुभारंभ,उप मुख्यमंत्री ने भास्कर पथ परिवार को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
मुंगेली/प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव का जन्मदिन स्थानीय रेस्ट हाउस मैदान में मित्र मंडली द्वारा आयोजित समारोह में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शुभचिंतकों,गणमान्य नागरिकों एवं उपस्थित लोगों ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। समारोह के दौरान जहां जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं,वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नई पहल के रूप में मुंगेली से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्र ‘भास्कर पथ’ का प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के करकमलों से विधिवत विमोचन भी किया गया।
‘निष्पक्ष,निडर,निरंतर’ के मूल मंत्र और संकल्प को लेकर पत्रकारिता की नई परिभाषा गढ़ने के उद्देश्य से शुरू किए जा रहे समाचार पत्र भास्कर पथ के पहले संस्करण के विमोचन के अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने समाचार पत्र के संपादक अक्षय लहरें, स्टेट हेड असीम रोमी अग्रवाल एवं समस्त भास्कर पथ परिवार को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने समाचार पत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि यह समाचार पत्र पत्रकारिता के उच्च आदर्शों,जनहित और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। समाज और शासन के बीच संवाद स्थापित करने में समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। निष्पक्षता,निर्भीकता और निरंतरता पत्रकारिता की विश्वसनीयता का आधार हैं। उन्होंने भास्कर पथ की नई शुरुआत की सराहना करते हुए कहा कि समाचार पत्र समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाए और सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य करे। उन्होंने पूरी टीम को इस नई यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं समाचार पत्र के संपादक अक्षय लहरें ने कहा कि ‘भास्कर पथ’ केवल एक समाचार पत्र नहीं,बल्कि निष्पक्ष,निडर और निरंतर पत्रकारिता के संकल्प को साकार करने का प्रयास है। हमारा उद्देश्य समाचारों को केवल प्रकाशित करना नहीं,बल्कि आम जनता की आवाज,उनकी समस्याओं,अपेक्षाओं और जनसरोकारों को प्रमुखता से सामने लाना है। पत्रकारिता की गरिमा,विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारी को सर्वोपरि रखते हुए हम अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि पाठकों का विश्वास ही किसी समाचार पत्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है और भास्कर पथ इस विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेगा।
इसी क्रम में भास्कर पथ के स्टेट हेड असीम रोमी अग्रवाल ने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता के सामने विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। ऐसे समय में भास्कर पथ ने निष्पक्ष,निडर और निरंतर पत्रकारिता को अपना ध्येय बनाया है। हमारा प्रयास रहेगा कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरों को स्थान मिले तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को जिम्मेदारी के साथ शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र की सफलता उसकी टीम की मेहनत,पाठकों के विश्वास और पत्रकारिता के प्रति समर्पण पर निर्भर करती है।
विमोचन समारोह के दौरान संपादक अक्षय लहरें एवं स्टेट हेड असीम रोमी अग्रवाल ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री के करकमलों से समाचार पत्र के पहले संस्करण का विमोचन होना पूरी टीम के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। यह अवसर भास्कर पथ की पत्रकारिता यात्रा के लिए प्रेरणादायी साबित होगा।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल सोनी,वरिष्ठ पत्रकार मनोज अग्रवाल,प्रेस क्लब सचिव योगेश शर्मा,वरिष्ठ पत्रकार प्रेम आर्य,सुशील शुक्ला,जय ताम्रकर,प्रमोद पाठक,शैलेश पाठक,सुनील पाठक,डेविड बंजारा,प्रीतेश आर्य,मनुराज सोनी,फलित जांगड़े,पीताम्बर खंडे,अरविंद बंजारा,अतुल श्रीवास्तव,मनीष नामदेव,योगेश साहू,परमेश्वर कुर्रे,दिलीप साहू एवं अविनाश कुलमित्र,भास्कर पथ जिला प्रतिनिधि लवजीत सिंह सलूजा उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दी शुभकामनाएं
विमोचन समारोह में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की भी उल्लेखनीय मौजूदगी रही। इनमें बेमेतरा विधायक दीपेश साहू,श्रीकांत पाण्डेय,गौरी शंकर कश्यप (गरियाबंद), रामकमल सिंह,गिरीश शुक्ला,दीनानाथ केशरवानी,भवानी साव राम लाल साव ट्रस्ट अध्यक्ष विनय गुप्ता,संजय वर्मा,नगर पालिका उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा,आशीष मिश्रा,एल्डरमैन अमितेश आर्य,नितेश भारद्वाज,राम डिंडोरे गुरुजी,यूसुफ उपलेटा,मोहन मल्लाह,देवचरण भास्कर,उमाशंकर साहू,जीतू दावड़ा,राजा तम्बोली,कोटु दादवानी,जयपाल साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
वही कार्यक्रम में उपस्थित अन्य लोगों ने भी समाचार पत्र की नई शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जन्मदिन समारोह के साथ पत्रकारिता के नए अध्याय का यह शुभारंभ मुंगेली के मीडिया जगत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।



