मुंगेली/नगर के आगर खेल परिसर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारी संघ एवं तीन दिवसीय हड़ताल पर बैठे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ के आंदोलन को समर्थन देने कांग्रेस के नेता एवं जनप्रतिनिधि धरनास्थल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आंदोलनरत कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली तथा उनकी मांगों को जायज बताते हुए प्रदेश सरकार से शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
धरनास्थल पर पहुंचे शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक गुप्ता एवं नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला सहित कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पटवारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर आम नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने तक इन कर्मचारियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद यदि उन्हें अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठना पड़ रहा है तो यह गंभीर विषय है।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि पटवारी संघ एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ की मांगें जायज हैं। ये सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार को इनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए और सकारात्मक पहल करते हुए जल्द से जल्द मांगों को पूरा करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के इस संघर्ष में उनके साथ खड़ी है और उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि पटवारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से ही शासन की अनेक योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचता है। लंबे समय तक अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करना उनकी मजबूरी नहीं बननी चाहिए। प्रदेश सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में उनके साथ है।
कांग्रेस नेताओं ने आंदोलनरत कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और समस्याओं को उचित मंच पर उठाया जाएगा तथा सरकार से जल्द समाधान की मांग की जाएगी। इस दौरान पटवारी संघ एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस नेताओं में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक गुप्ता,नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,श्याम जायसवाल,दिलीप बंजारा,संजय सिंह ठाकुर,कौशल सिंह क्षत्रिय,उत्तर आनंद,जलेश यादव,जय सोनी,नीरज यादव,रवि कौशल,मंजू शर्मा,ललिता सोनी,साधना वर्मा,वैशाली सोनी,तनुजा यादव,रवि कोसले,राजू सोनी,निर्मला राय,सालिक यादव,बलराम यादव एवं धीरज पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



