मुंगेली/नगर के विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मुंगेली के सभाकक्ष में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की अध्यक्षता में परिषद की महत्वपूर्ण विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल व्यवस्था,पाइपलाइन विस्तार,आरसीसी नाली, सीसी सड़क निर्माण, विद्युत पोल विस्तार सहित कई विकास कार्यों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। चर्चा के उपरांत विभिन्न निर्माण कार्यों एवं अन्य प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में लिए गए निर्णयों से शहर के अलग-अलग वार्डों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कई वार्डों में पाइपलाइन विस्तार को मंजूरी
बैठक में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार के प्रस्तावों पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इसके तहत वार्ड क्रमांक 01 में सात स्थानों पर पाइपलाइन विस्तार कार्य के लिए मेसर्स रूपकेसरी कंस्ट्रक्शन मुंगेली की निविदा एसओआर दर से 2.78 प्रतिशत अधिक पर स्वीकृति के लिए रखी गई। वहीं वार्ड क्रमांक 02,04,10,11 एवं 15 के विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन विस्तार कार्य के लिए मेसर्स लक्ष्मी ट्रेडर्स मुंगेली की न्यूनतम निविदा एसओआर दर से 3 प्रतिशत कम पर चर्चा कर निर्णय लिया गया। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 21 में आठ स्थानों पर पाइपलाइन विस्तार के लिए मेसर्स रूपकेसरी कंस्ट्रक्शन की एसओआर दर से 0.88 प्रतिशत अधिक की निविदा पर विचार किया गया।
सड़क एवं नाली निर्माण के प्रस्तावों पर भी लगी मुहर
शहर में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए आरसीसी नाली एवं सीसी सड़क निर्माण के कई प्रस्तावों को भी बैठक में शामिल किया गया। वार्ड क्रमांक 16 में मसूद खान के घर से असलम खान के घर तक आरसीसी नाली निर्माण कार्य के लिए मेसर्स रोहिणी ट्रेडर्स एंड कंस्ट्रक्शन मुंगेली की न्यूनतम निविदा एसओआर दर से 4.50 प्रतिशत कम पर स्वीकृत की गई।नामदेव समाज सामुदायिक भवन के लिए स्थल चयन करने का प्रस्ताव दिया गया।
वार्ड क्रमांक 20 में लखन साहू के घर से तिरिथ साहू के घर तक तथा पतिराम साहू के घर से संजय जोशी के घर तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य के लिए मेसर्स विधान कंस्ट्रक्शन की न्यूनतम निविदाओं को मंजूरी दी गई। इसी वार्ड में मनहरण यादव के घर से सीता यादव के घर तक नाली निर्माण कार्य के लिए मेसर्स विधान कंस्ट्रक्शन की एसओआर दर से 14.50 प्रतिशत अधिक की निविदा पर चर्चा की गई। वहीं जगदीश साहू के घर से बैसाखू पटेल के घर होते हुए कुंवारू पटेल के घर तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य के लिए मेसर्स भार्गव इलेक्ट्रिकल्स लोरमी की न्यूनतम निविदा एसओआर दर से 3.78 प्रतिशत कम पर स्वीकृत की गई।
विद्युत पोल विस्तार और रानी दुर्गावती चौक निर्माण पर चर्चा
बैठक में वार्ड क्रमांक 16 में राजा सरयप्पन के घर से आनंद जांगड़े के घर तक विद्युत पोल एक्सटेंशन कार्य के लिए मेसर्स विधान कंस्ट्रक्शन की निविदा पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त नगर में रानी दुर्गावती चौक का निर्माण एवं उनकी मूर्ति स्थापना किए जाने के संबंध में निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इस प्रस्ताव को शहर के गौरव एवं महापुरुषों के सम्मान से जोड़कर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चिकित्सा प्रतिपूर्ति सहित अन्य प्रस्तावों पर विचार
परिषद की विशेष बैठक में स्वर्गीय श्रीमती कमला देवांगन ‘आया’ एवं वीरेन्द्र वर्मा ‘स्वच्छता निरीक्षक’ के चिकित्सा प्रतिपूर्ति भुगतान के संबंध में भी विचार किया गया। इसके साथ ही अध्यक्ष एवं पार्षद मद से प्राप्त अनुशंसाओं के अनुसार आवश्यक सामग्री क्रय करने तथा विभिन्न विकास कार्य कराए जाने के प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिया गया। बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों की न्यूनतम निविदा दरों को स्वीकृति प्रदान करने सहित शहर के विकास से जुड़े अन्य विषयों पर भी सहमति बनी।
अध्यक्ष रोहित शुक्ला की अध्यक्षता में जुटे जनप्रतिनिधि
विशेष बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में पार्षदगण श्रीमती संगीता अन्नू साहू,असलम खान,अरविंद वैष्णव,मोहन मल्लाह,जितेन्द्र कुमार दावड़ा,श्रीमती प्रतिमा रवि कोशले,सूरज यादव,विनय चोपड़ा,श्रीमती अर्चना सत्तू देवांगन,श्रीमती आयशा मकबूल खान,संजय चंदेल,श्रीमती विजयलक्ष्मी अवधेश शुक्ला,श्रीमती छोटी सत्येन्द्र सिंह परिहार,रामकिशोर देवांगन,अजय साहू,विजय बंजारे,निमेष देवांगन,रोशन सोनी,कुलदीप पाटले,दिलीप सोनी एवं श्रीमती गौरी श्रवण सोनकर उपस्थित रहे।
वहीं एल्डरमैन डॉ. संजय वर्मा,अमितेश विज्जु आर्य,लेखु साहू,राजहंस तंबोली एवं खेमराज मोहले सहित नगर पालिका के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।
परिषद की इस विशेष बैठक में पारित एवं विचाराधीन प्रस्तावों से स्पष्ट है कि नगर के विभिन्न वार्डों में पेयजल,सड़क,नाली और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की दिशा में पहल की जा रही है। अब इन प्रस्तावों के धरातल पर क्रियान्वयन और निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूरा कराना नगर पालिका प्रशासन के सामने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।



