मुंगेली/बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से जिले में मौसम प्रभावित होने तथा वर्षा की संभावना को देखते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने 29 अक्टूबर को जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थाओं शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक शाला,माध्यमिक शाला,हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
उल्लेखनीय हैं कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से चक्रवाती तूफान की आशंका जताई गई है। इसके प्रभाव से 29 अक्टूबर को जिले में वर्षा होने की संभावना है। इसके तहत कलेक्टर ने जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थाओं शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक शाला,माध्यमिक शाला,हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी में अवकाश घोषित किया जाता है।
कलेक्टर श्री तोपनो ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि गरज-चमक एवं आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदान,ऊच स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवाओं के दौरान जर्जर भवनों,कमजोर मकानों,बिजली के खंभों,विद्युत तारों,पेड़ों एवं होर्डिंग के आसपास न रहें। मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों और अपुष्ट जानकारी पर विश्वास करने से बचें। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आम नागरिक किसी भी आपात स्थिति में 07755-264440 पर संपर्क कर सकते हैं।




