मुंगेली/गणेश उत्सव के अवसर पर नगर में इन दिनों भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। विभिन्न गणेश उत्सव समितियों द्वारा नगर के अलग-अलग स्थानों पर आकर्षक पंडाल सजाकर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न गणेश पंडालों में पहुंचकर भगवान श्री गणेश के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नगरवासियों के सुख,समृद्धि,शांति और खुशहाली की कामना की।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के विभिन्न गणेश पंडालों में पहुंचने पर गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने समिति के सदस्यों से मुलाकात कर गणेश उत्सव की तैयारियों और आयोजन को लेकर चर्चा भी की। इस दौरान श्रद्धालुओं में भी उत्साह नजर आया।
बच्चों के गणेश पंडाल में पहुंचकर बढ़ाया उत्साह
नगर भ्रमण के दौरान रोहित शुक्ला ठाकुरदेव मंदिर के पास बच्चों द्वारा स्थापित किए गए गणेश पंडाल में भी पहुंचे। बच्चों ने स्वयं मिलकर भगवान गणेश की स्थापना कर उत्सव का आयोजन किया है। नगर पालिका अध्यक्ष को अपने बीच पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। रोहित शुक्ला ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की और उनके द्वारा की जा रही गणेश पूजा एवं आयोजन की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने बच्चों के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की और सभी को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। बच्चों ने भी नगर पालिका अध्यक्ष के साथ गणेश जी की आरती एवं पूजा में सहभागिता की।
रोहित शुक्ला ने कहाकि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं,बल्कि समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने नगरवासियों से गणेश उत्सव को श्रद्धा, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
इस अवसर पर विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के सदस्य,श्रद्धालु,स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।



