मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के गांधी वार्ड में विद्युत आपूर्ति बाधित होने के चलते पिछले दो तीन दिनों से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई। बिजली बंद होने से वार्ड के बोर एवं पानी की व्यवस्था प्रभावित रही,जिसके कारण वार्डवासियों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पानी की समस्या बढ़ने पर वार्डवासियों ने मामले की जानकारी अपने वार्ड पार्षद विनय चोपड़ा को दी।
वार्डवासियों की शिकायत मिलते ही पार्षद विनय चोपड़ा ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का आग्रह किया। पार्षद ने अधिकारियों को बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से वार्ड की पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम नागरिकों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
बताया गया कि विद्युत आपूर्ति की समस्या का तत्काल समाधान नहीं होने के कारण पेयजल संकट की स्थिति बनी रही। ऐसे में वार्डवासियों की परेशानी को देखते हुए पार्षद विनय चोपड़ा ने स्वयं पहल करते हुए वार्डवासी के घरों के निजी बोर से आम लोगों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था कराई। निजी बोर से पानी उपलब्ध होने के बाद वार्डवासियों को कुछ राहत मिली।
अधिकारियों के रवैये पर पार्षद ने जताई नाराजगी
पेयजल संकट को लेकर पार्षद विनय चोपड़ा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण होना चाहिए। विद्युत आपूर्ति बाधित होने का सीधा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ता है और इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ता है।
पार्षद ने कहा कि वार्डवासियों द्वारा समस्या की जानकारी दिए जाने के बाद उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया,लेकिन समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं हो सका। इसके चलते वार्ड के लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा।
मूलभूत सुविधाओं को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग
पार्षद विनय चोपड़ा ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के साथ लिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की,ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों में वार्डवासियों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
वहीं, निजी बोर से पानी उपलब्ध कराने की पहल के बाद वार्डवासियों ने पार्षद का आभार जताया। वार्डवासियों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से सबसे बड़ी समस्या पीने के पानी को लेकर सामने आती है,इसलिए विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना बेहद जरूरी है।



