मुंगेली/नगर के विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव की अनुशंसा से मुंगेली नगर पालिका के लिए नवागढ़ रोड में नवीन नगर पालिका भवन निर्माण को स्वीकृति मिली है। अधोसंरचना मद से 7 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस नवीन भवन से नगर पालिका के कामकाज को बेहतर और अधिक व्यवस्थित स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
नवीन नगर पालिका भवन निर्माण की स्वीकृति के बाद अब टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इसके पश्चात मेसर्स नवाज अहमद कंट्रक्शन कंपनी द्वारा निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला निर्माण स्थल पर पहुंचे और प्रस्तावित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधितों से निर्माण कार्य की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली तथा कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि नवीन नगर पालिका भवन मुंगेली शहर के लिए एक महत्वपूर्ण विकास कार्य है। भवन का निर्माण आधुनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए, ताकि आने वाले समय में नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नगर में अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। नवीन नगर पालिका भवन का निर्माण पूर्ण होने के बाद नगर पालिका के प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में सुविधा होगी और नागरिकों को भी विभिन्न कार्यों के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
इस दौरान निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई तथा कार्य प्रारंभ होने से पहले आवश्यक तैयारियों को पूरा करने पर भी जोर दिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधितों को समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शिवाजी वार्ड पार्षद सुरज यादव,पार्षद प्रतिनिधि मकबूल खान,रईस खान,देवेंद्र वैष्णव,असद खोखर एवं धीरज पाण्डेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



