मुंगेली/हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला मुंगेली द्वारा मंगलवार को देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों का सम्मान किया गया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष राकेश साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ग्राम प्रतापपुर पहुंचकर दरभा थाना नेतानार,बस्तर में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए नरेंद्र साहू के परिवार से भेंट की और शहीद के परिजनों को सम्मान स्वरूप राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया।
इस अवसर पर भाजयुमो पदाधिकारियों ने शहीद नरेंद्र साहू के परिजनों से मुलाकात कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया।इस दौरान भाजयुमो जिला अध्यक्ष राकेश साहू ने कहाकि देश की सुरक्षा और शांति के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीद परिवार के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर घर तिरंगा अभियान से जोड़कर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को नमन किया गया।
इसके पश्चात भाजयुमो की टीम मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ पहुंची,जहां नक्सली हमले में शहीद हुए सुखराम साहू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद की शहादत को नमन किया और देश की सेवा में उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
शहीद सुखराम साहू के परिवार से भी भाजयुमो पदाधिकारियों ने मुलाकात की तथा उनके माता एवं भाई को सम्मान स्वरूप राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया। इस दौरान शहीद परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहाकि वीर जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके बलिदान की वजह से ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव के साथ जीवन जी रहे हैं।
भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह टंडन ने कहाकि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अभियान नहीं है,बल्कि यह देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है। शहीद परिवारों के सम्मान से युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति,त्याग और देशसेवा की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने आगे कहाकि देश की एकता,अखंडता और सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों की स्मृतियों को जीवंत रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। शहीदों का सम्मान ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र के प्रति सम्मान है।
कार्यक्रम के दौरान राकेश साहू,जिला अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा मुंगेली,उमाशंकर बघेल,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य,राजेश्वर सिंह टंडन,जिला उपाध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा मुंगेली,अरविन्द सोनी,जिला कोषाध्यक्ष भाजयुमो मुंगेली,घनश्याम यादव,जिला मीडिया प्रभारी,पहलाद यादव,सरपंच प्रतिनिधि रामगढ़,शोभित बाजपाई,सत्यम साहू एवं नेतराम साहू,पूर्व सरपंच सहित भाजयुमो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज के सम्मान,शहीदों के प्रति कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।



