मुंगेली/छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सुशासन सरकार और उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव के दूरदर्शी मार्गदर्शन तथा लगातार प्रयासों से मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र की तस्वीर बदलने जा रही है। शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए विभिन्न शासकीय मदों से करोड़ों रुपये के महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है। इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को कागजों से निकालकर धरातल पर समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से उतारने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है।
नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे दर्जनों विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति,निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और काम की रफ्तार परखने के लिए भाजपा पार्षदों की टीम,नव-नियुक्त एल्डरमैनों तथा नगर पालिका के तकनीकी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शहर का सघन निरीक्षण दौरा किया।
शहर को सौगात:नालंदा परिसर से लेकर स्विमिंग पूल तक का लिया गया जायजा
निरीक्षण दल ने शहर के प्रमुख स्थलों और जन-सुविधा से जुड़े निर्माण कार्यों का एक-एक कर बारीकी से जायजा लिया:
शिक्षा एवं युवाओं के लिए ‘नालंदा परिसर’:प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और विद्यार्थियों को शांत व समृद्ध अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने बन रहे अत्याधुनिक नालंदा परिसर के निर्माण की समीक्षा की गई।
स्विमिंग पूल एवं भव्य प्रवेश द्वार:शहरवासियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए बन रहे सर्वसुविधायुक्त स्विमिंग पूल और नगर की पहचान को नया रूप देने वाले भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य को देखा गया।
व्यापारिक व्यवस्था:बुधवारी सब्जी मंडी,स्थानीय छोटे व्यापारियों,किसानों और आम खरीदारों की सहूलियत के लिए बुधवारी सब्जी मंडी के सुव्यवस्थित एवं आधुनिक ढांचागत निर्माण का जायजा लिया गया।
सांस्कृतिक व सामाजिक पहचान:विवेकानंद प्रांगण व साहू समाज भवन,युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की मूर्ति प्रांगण के सौंदर्यीकरण और सामाजिक गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु तैयार हो रहे साहू समाज के भवन निर्माण की प्रगति का निरीक्षण किया गया।
गुणवत्ता में लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई:जनप्रतिनिधियों की दो टूक
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों का रुख बेहद सख्त नजर आया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट शब्दों में कहाकि प्रदेश की साय सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ और सुशासन की नीति पर काम कर रही है। वही प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव के द्वारा नगर विकास के लिए करोड़ो रुपए स्वीकृत किए गए इसलिए कार्यों में मानको का विशेष ध्यान तथा विकास कार्यों में प्रयुक्त सामग्री उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए और सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे होने चाहिए ताकि जनता को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान ये जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष मोहन मल्लाह,पार्षद जितेंद्र दावड़ा,पार्षद असलम खान,नव-नियुक्त एल्डरमैन डॉ. संजय वर्मा,अमितेश ‘विज्जु’ आर्य,लेखु साहू एवं राजहंस तंबोली सहित नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर,सहायक अभियंता विद्यानंद मधुकर यादव,उप अभियंता नेमीचंद वर्मा समेत नगर पालिका का तकनीकी अमला उपस्थित रहा।



