‘जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं’,मुंगेली-पंडरिया राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों में ढिलाई पर कलेक्टर सख्त,कार्रवाई की दी चेतावनी
मुंगेली/मुंगेली-पंडरिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के निर्माण कार्यों में बरती जा रही ढिलाई और आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर जिला प्रशासन बेहद सख्त हो गया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मुंगेली-पंडरिया राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माणाधीन कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जमीनी हकीकत देखकर कलेक्टर का पारा चढ़ गया। सड़क पर उड़ती अत्यधिक धूल, अव्यवस्थित यातायात और सड़क किनारे नाली निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने मौके पर ही मौजूद निर्माण एजेंसी के इंजीनियर और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई और कार्यों में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
धूल और अव्यवस्थित ट्रैफिक पर जताई गहरी नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों और जनसुविधाओं की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। सड़क पर उड़ रही धूल के कारण राहगीरों और आसपास के लोगों का जीना मुहाल हो चुका है। इस पर ठेकेदार को सख्त लहजे में हिदायत देते हुए कलेक्टर ने कहा कि सड़क पर उड़ रही धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए। इसके साथ ही राहगीरों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह आवश्यक सुरक्षा संकेतक (साइन बोर्ड) लगाने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम व व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
“सड़क निर्माण के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना भी निर्माण एजेंसी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विकास कार्यों के नाम पर लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।”
कुन्दन कुमार,कलेक्टर,मुंगेली
क्वालिटी और टाइमलाइन से समझौता नहीं, लापरवाही बरतने पर होगी कड़ी कार्रवाई
कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्माण कार्यों की नियमित रूप से मॉनिटरिंग (निगरानी) करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ-साथ आमजन की सुविधा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि पूरे कार्य को निर्धारित समय-सीमा और तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही पूरा किया जाए। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या लेत-लतीफी पाई गई,तो संबंधित इंजीनियरों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का अमला रहा मौजूद
इस औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही, जिसमें मुख्य रूप से
अजय शतरंज,एसडीएम,मुंगेली,होरी सिंह ठाकुर,मुख्य नगरपालिका अधिकारी,रविन्द्र के. खांभरा,कार्यपालन अभियंता – ईई, राष्ट्रीय राजमार्ग)
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के सब इंजीनियर एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि शामिल थे।
कलेक्टर के इस कड़े रुख के बाद अब विभाग और निर्माण एजेंसी के बीच हड़कंप मच गया है,और उम्मीद जताई जा रही है कि राजमार्ग के काम में अब तेजी आएगी।



