मुंगेली/आगामी संगठनात्मक चुनावों को लेकर युवा कांग्रेस ने मुंगेली जिले में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान संगठन चुनाव से संबंधित दिशा-निर्देशों, पात्रता नियमों,नामांकन प्रक्रिया और शुल्क संरचना की विस्तृत जानकारी साझा की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जोनल एवं रीजनल ऑफिसर नरेंद्र कुमार (एडवोकेट)ने बताया कि जिले में संगठनात्मक नियुक्तियों और चुनावों की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी तरह से प्रारंभ कर दी गई है। सभी इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं।
चुनावी शेड्यूल:29 मई से शुरू हुई प्रक्रिया,13 जून तक मौका
रीजनल ऑफिसर नरेंद्र कुमार ने बताया कि युवा कांग्रेस संगठन चुनाव के लिए नामांकन की खिड़की 29 मई 2026 से खोल दी गई है। प्रत्याशी अपने आवेदन 13 जून 2026 तक जमा कर सकेंगे। तय समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
उम्र की सीमा और जरूरी दस्तावेज
युवा कांग्रेस के इस चुनाव में हिस्सा लेने के लिए उम्मीदवारों के लिए कड़े नियम तय किए गए हैं
आयु सीमा:उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है।
कट-ऑफ डेट:प्रत्याशी का जन्म 28 मई 1990 से 29 मई 2008 के बीच होना चाहिए।
पहचान और आयु प्रमाण:नामांकन के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस,पासपोर्ट अथवा 10वीं की अंकसूची में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ ही मतदाता पहचान पत्र जमा करना बेहद अनिवार्य है।
अपराधिक रिकॉर्ड की घोषणा:सभी उम्मीदवारों को अपने आपराधिक रिकॉर्ड की स्पष्ट और पारदर्शी जानकारी देनी होगी।
जाति प्रमाण पत्र:आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार शुल्क में छूट का लाभ उठाने के लिए वैध जाति प्रमाण पत्र जमा करना आवश्यक होगा।
पदवार शुल्क संरचना:सामान्य और आरक्षित वर्ग के लिए अलग-अलग दरें
प्रेस वार्ता में विभिन्न पदों के लिए निर्धारित नामांकन शुल्क का ब्यौरा भी दिया गया,जो इस प्रकार है:
| पद का नाम | सामान्य वर्ग शुल्क | आरक्षित वर्ग (रियायती) शुल्क
| जिला अध्यक्ष| ₹ 7,500 | ₹ 3,000 |
| जिला महासचिव| ₹ 3,000 | ₹ 1,500 |
| विधानसभा अध्यक्ष| ₹ 1,000 | ₹ 500 |
| ब्लॉक अध्यक्ष | ₹ 150 | ₹ 100 |
पारदर्शिता और लोकतंत्र पर जोर,दिग्गजों की रही मौजूदगी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन इन चुनावों को पूरी तरह से पारदर्शी,निष्पक्ष और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं को आगे आकर नेतृत्व संभालने का यह एक बेहतरीन अवसर है।
इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान क्षेत्र के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे। जिनमें मुख्य रूप से
आत्मा सिंह क्षत्रिय,दीपक गुप्ता,दिलीप बंजारा,लक्ष्मीकांत भास्कर,राजेश छैदईया,नरेश पाटले,जित्तू श्रीवास्तव,इंद्रजीत कुर्रे,विष्णु खांडे,महीतोष बंजारा,नीरज यादव और योगेश्वर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी नेताओं ने इस चुनावी प्रक्रिया को संगठन की मजबूती के लिए एक बड़ा कदम बताया।



