मुंगेली/नगर। रायपुर मार्ग स्थित आरतानी राइस मिल के पास शुक्रवार को नगर के प्रतिष्ठित भोजवानी परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भोजवानी परिवार किसी आवश्यक कार्य से रायपुर गया हुआ था और वापस मुंगेली लौटते समय उनका वाहन ट्रैक्टर की चपेट में आ गया,जिससे हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला तत्काल मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना की जानकारी 112 वाहन को भी दी गई थी,लेकिन काफी देर तक सहायता नहीं पहुंच सकी। ऐसे में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए घायल रेनू भोजवानी,पति रामचंद्र भोजवानी को अपने निजी वाहन से तत्काल नगर के अवध हॉस्पिटल पहुंचाया।
अवध हॉस्पिटल में घायल रेनू भोजवानी का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय पर उन्हें अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की तत्परता और संवेदनशील व्यवहार की पूरे नगर में सराहना हो रही है।
भोजवानी परिवार के सदस्यों ने भी भावुक होकर कहा कि “रोहित शुक्ला इस मुश्किल समय में हमारे लिए फरिश्ते की तरह पहुंचे।” घटना के बाद नगरवासियों के बीच भी उनकी मानवीय पहल चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस दौरान सूरज मंगलानी,जय पंजवानी एवं पार्षद दिलीप सोनी भी मौके पर मौजूद रहे और घायलों की सहायता में सहयोग करते नजर आए।



