मुंगेली/नगर में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने और आम नागरिकों को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मुंगेली नगर के बिलासपुर मुख्य मार्ग को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई शुरू की गई है। यह कार्रवाई नगर के व्यस्ततम इलाके दाऊपारा से लेकर कलेक्टर निवास,नगर पालिका सीमा तक पुरजोर तरीके से चलाई गई।
समझाइश का दिखा असर,व्यापारियों ने खुद हटाए कब्जे
सड़क को चौड़ा और बाधारहित बनाने के लिए की गई इस कार्रवाई से पहले नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी दुकानदारों और व्यापारियों को मुनादी कराकर अपील की थी। प्रशासन ने व्यापारियों को समझाइश दी थी कि वे सड़क और नाली के ऊपर किए गए अपने अतिक्रमण को स्वतः ही हटा लें। इसका सकारात्मक असर भी देखने को मिला प्रशासन की अपील पर कई जागरूक व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने-अपने शेड,काउंटर और अन्य सामग्रियां हटा लीं। इसके बाद,जो अतिक्रमण बाकी रह गए थे,उन्हें भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक अमले द्वारा हटाया गया।
कई विभागों की संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
नगर को व्यवस्थित करने की इस बड़ी मुहिम में जिला प्रशासन के कई प्रमुख विभागों ने एक साथ मिलकर मोर्चा संभाला। इस संयुक्त कार्रवाई में नगर पालिका परिषद,राजस्व विभाग,नजूल विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी दल-बल के साथ सुबह से ही मुस्तैद नजर आए। इस दौरान सड़क के दोनों ओर बेतरतीब ढंग से फैले मलबे,अवैध टीन शेड और चबूतरों को साफ किया गया।
पैदल चलने वालों के लिए बनेगा शानदार फुटपाथ
बिलासपुर मार्ग में अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के पीछे प्रशासन का उद्देश्य केवल सड़क चौड़ीकरण ही नहीं,बल्कि नागरिकों की सुरक्षा भी है। अधिकारियों ने बताया कि दाऊपारा से लेकर कलेक्टर निवास तक मुख्य सड़क के दोनों ओर आधुनिक और सुव्यवस्थित फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है। इससे नगर के उन आम नागरिकों,महिलाओं,बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो सुबह-शाम सैर पर निकलते हैं। फुटपाथ बनने से राहगीरों को हादसों का डर नहीं रहेगा और यातायात भी सुगम होगा।
इस दौरान अजय शतरंज एसडीएम,तहसीलदार कुणाल पाण्डेय,नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर,नगर पालिका इंजीनियर विद्यानंद मधुकर यादव,पटवारी आशीष क्षत्रिय,प्रशांत शर्मा,आशीष भोई सहित राजस्व,नगर पालिका एवं भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे
आम जनता के सहयोग से ही स्वच्छ और विकसित बनेगा नगर:जिला प्रशासन
“कलेक्टर सर के कुशल मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से यातायात सुगम और व्यवस्थित बनेगा साथ ही नागरिकों को सुरक्षित माहौल देना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दाऊपारा से कलेक्टर निवास मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बन रही थी। व्यापारियों को पहले ही समझाइश दी गई थी और उन्होंने सहयोग भी किया। नगर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए शासन प्रशासन हमेशा तत्पर रही है और ये आम जनता के सहयोग से ही संभव हो सकेगा।”
अजय शतरंज,एसडीएम,मुंगेली
“राजस्व और नजूल विभाग की टीम ने पूरी सड़क का सीमांकन कर अवैध कब्जों को चिह्नित किया था। और आम जनता को प्रशासन के द्वारा अपने अतिरिक्त निर्माण को स्वतः हटाने समझाइश दिया गया था जिसपर अमल करते हुए लोगों ने स्वयं अपने निर्माण को हटाया है जो स्वागत योग्य है क्योंकि प्रशासन का उद्देश्य किसी के व्यवसाय को नुकसान पहुंचाना नहीं,बल्कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना है ताकि जनहित में फुटपाथ का निर्माण कराया जा सके और उसका लाभ नगर की जनता को मिल सके।”
कुणाल पाण्डेय,तहसीलदार,मुंगेली
नगर पालिका की टीम लगातार शहर को साफ और सुंदर बनाने में जुटी है। फुटपाथ निर्माण से पैदल चलने वाले राहगीरों और सुबह की सैर करने वाले नागरिकों को एक बेहतरीन और सुगम मार्ग मिलेगा। हम व्यापारियों से अपील करते हैं कि वे दोबारा नालियों और फुटपाथ पर कब्जा न करें,क्योंकि नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी नगर के प्रत्येक नागरिक की है इसी उद्येश्य को लेकर चलने से ही नगर सुंदर और विकसित होगा।”
होरी सिंह ठाकुर,सीएमओ,नगर पालिका परिषद,मुंगेली



