मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के एंड्रूज वार्ड में लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे वार्डवासियों को भीषण गर्मी के बीच बड़ी राहत मिली है। वार्ड में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका द्वारा नए बोर का खनन कराया गया,जिसका विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने किया।
बताया गया कि भीषण गर्मी के कारण वार्ड में जलस्तर नीचे चले जाने से लोगों को पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वार्डवासियों ने नगर पालिका से नए बोर खनन की मांग की थी,जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर पालिका प्रशासन ने बोर खनन कार्य पूर्ण कराया। बोर शुरू होने से अब वार्ड के लोगों को पेयजल संकट से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहाकि गर्मी के मौसम में किसी भी वार्ड में पानी की समस्या न हो,इसके लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए नगर पालिका हमेशा तत्पर रहेगी।
इस दौरान वार्ड पार्षद रोशन सोनी,शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता,पार्षद प्रतिनिधि मकबूल खान,नीरज यादव,जित्तू श्रीवास्तव,शंभू ठाकुर,असद खोखर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। वार्डवासियों ने पेयजल समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



