मुंगेली/वट सावित्री व्रत के पावन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला द्वारा अपने निवास बड़ा बाजार कुम्हार पारा में सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष व्रत एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव से वट सावित्री व्रत किया तथा अपने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान रोहित शुक्ला की पत्नी निशा शुक्ला,रेनू उपाध्याय सहित अन्य महिलाओं ने परंपरागत विधि-विधान से वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर मौली धागा बांधा और सावित्री-सत्यवान की कथा श्रवण कर अपने परिवार की सुख-शांति की मंगलकामना की। पूरे आयोजन स्थल पर धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
सुबह से ही सुभाष वार्ड सहित आसपास के क्षेत्रों में वट वृक्षों के नीचे महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक वेशभूषा और श्रृंगार में सजी महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न की। पूजा के दौरान महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर व्रत की परंपरा का पालन किया।
इस अवसर पर सुभाष वार्ड निवासी गृहिणी निशा शुक्ला ने बताया कि वट सावित्री व्रत भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा,“पौराणिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने तप,श्रद्धा और संकल्प से यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। तभी से सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य के लिए यह व्रत करती आ रही हैं।”
ज्येष्ठ मास की अमावस्या तिथि पर मनाया जाने वाला यह पर्व महिलाओं की अटूट आस्था और वैवाहिक जीवन के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है। पूरे जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में भी वट सावित्री पूजा को लेकर विशेष उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने इस धार्मिक आयोजन के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



