मुंगेली/जिले में असामाजिक तत्वों और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराज पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘‘ऑपरेशन बाज’’को एक बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी पटेल द्वारा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नशे के सौदागरों पर नकेल कसने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबडा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने दबिश देकर अवैध शराब के परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
घटनाक्रम के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रायपुर रोड बायपास की ओर से एक सफेद रंग की हुण्डई क्रेटा कार (क्रमांक CG 28 R 9600) में कुछ लोग भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर मुंगेली की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सायबर सेल और थाना सिटी कोतवाली मुंगेली की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया और रायपुर रोड बायपास के पास रणनीतिक घेराबंदी की गई।
तलाशी में बरामद हुई शराब और वाहन जप्त
पुलिस टीम ने संदेही वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली,तो उसमें अवैध रूप से रखी शराब बरामद हुई। वाहन में सवार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान समर्थ जायसवाल (44 वर्ष,निवासी नेहरू नगर बिलासपुर/पुलपारा मुंगेली) और सूरज ठाकुर (34 वर्ष,निवासी विनोबानगर मुंगेली) के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से 24 नग सिम्बा कंपनी की बीयर(कुल 15.600 बल्क लीटर),जिसकी अनुमानित कीमत 4,800 रुपये है,बरामद की गई। पुलिस ने अवैध शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त हुण्डई क्रेटा कार को भी जप्त कर लिया है।
आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों द्वारा अवैध रूप से शराब का विक्रय हेतु परिवहन करना स्वीकार किए जाने के बाद,उन्हें 15 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया,जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
कार्यवाही में इनका रहा अहम योगदान
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े(थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली),उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी(प्रभारी सायबर सेल),सहायक उप निरीक्षक भानुप्रताप बर्मन,आरक्षक योगेश यादव समेत सायबर सेल और सिटी कोतवाली की टीम का विशेष योगदान रहा। जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत अवैध नशे के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



