मुंगेली/नगर पालिका क्षेत्र के एंड्रूज वार्ड में जनसमस्याओं के समाधान और सामाजिक सुधार की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा एवं पार्षद रोशन सोनी द्वारा वार्ड में चौपाल का आयोजन कर वार्डवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं और उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चौपाल के दौरान वार्ड में बढ़ती नशाखोरी,शराबियों की हुड़दंग और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता जताई गई। इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए “गुलाबी गैंग” का गठन किया गया,जो नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करने का कार्य करेगा। यह गठन पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में किया गया,जिससे इसकी प्रभावशीलता और सशक्त हो गई है।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने कहाकि वार्ड की महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता देना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशाखोरी समाज को कमजोर करती है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। महिलाओं की मांग पर उन्होंने स्वयं थाना प्रभारी से चर्चा कर पुलिस की उपस्थिति में गुलाबी गैंग का गठन कराया,ताकि महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिल सके।
बाल विकास अधिकारी आशीष मिश्रा ने कहाकि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने गुलाबी गैंग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम न सिर्फ नशाखोरी पर अंकुश लगाएगा बल्कि समाज में जागरूकता भी बढ़ाएगा।
पार्षद रोशन सोनी ने कहाकि वार्ड की शांति और विकास के लिए यह पहल मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि वार्डवासी अब मिलकर नशाखोरी के खिलाफ आवाज उठाएंगे और किसी भी प्रकार की अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गुलाबी गैंग की जिम्मेदारियां:
अध्यक्ष: सुनीता यादव
उपाध्यक्ष: संतोषी साहू
सचिव: सुगबाई साहू
कोषाध्यक्ष: छाया सोनी
को जिम्मेदारी दी गई है कि वे वार्ड के चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नशाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाएं।
सख्त नियम लागू:
चौपाल में यह भी निर्णय लिया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, गाली-गलौज करने या अशांति फैलाने वालों पर ₹1000 का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही, गुलाबी गैंग और पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
इस अवसर पर बाल विकास अधिकारी आशीष मिश्रा, राजेश सोनी, बिहारी साहू, गोलू ठाकुर, रवि सोनी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल वार्ड में कानून व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित होगी



