मुंगेली/हिंदू नववर्ष एवं श्री राम नवमी के पावन अवसर पर मां भारती सेवा समिति द्वारा नगर में भव्य माता जगराता का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यह धार्मिक आयोजन दाऊपारा के पास स्थित रेस्ट हाउस मैदान में संपन्न हुआ,जहां देर रात तक भक्ति का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजन गायक एवं स्टार कलाकार पंडित विवेक शर्मा ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से समूचे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे-जैसे भजनों की धुन गूंजती रही,वैसे-वैसे श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए। पूरा मैदान जयकारों और भक्ति रस से सराबोर हो गया।
इस भव्य आयोजन में नगर के गणमान्य अतिथियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले,पूर्व सांसद लखनलाल साहू,भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी तथा नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का बैच लगाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया।
मां भारती सेवा समिति के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया,बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का भी संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।



