मुंगेली/चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर के आठवें दिन दुर्गाअष्टमी के अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा एवं उनकी पत्नी पुनीता मिश्रा द्वारा अपने निवास में कुंवारी कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया। इस दौरान कन्याओं को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद भी लिया गया।
मिश्रा दंपति ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ कन्याओं को अपने निवास पर आमंत्रित किया। दुर्गा अष्टमी के इस विशेष दिन पर उन्होंने कन्याओं को माता दुर्गा का स्वरूप मानते हुए उनकी पूजा-अर्चना की और पारंपरिक रूप से उन्हें भोजन कराया। आयोजन में भक्ति और आस्था का विशेष वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा ने कहाकि नवरात्रि के नौ दिनों में माता दुर्गा के नौ रूपों का दर्शन प्राप्त होता है। शास्त्रों के अनुसार कुंवारी कन्याओं को भी मातारानी का स्वरूप माना जाता है, इसलिए दुर्गा अष्टमी के दिन कन्या पूजन का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि कन्याओं को भोजन कराकर उनसे आशीर्वाद लेना अत्यंत पुण्यदायक होता है।
उन्होंने आगे कहा कि मातारानी का आशीर्वाद पूरे नगरवासियों पर बनी रहे और माता की कृपा से सभी के जीवन में सुख,समृद्धि और उन्नति आए। इस आयोजन के माध्यम से समाज में धार्मिक परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में कन्याओं को उपहार प्रदान किए गए,जिन्हें पाकर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे आयोजन में आत्मीयता और श्रद्धा का सुंदर संगम देखने को मिला।



