मुंगेली/नगर में बढ़ते यातायात अव्यवस्था और व्यापारियों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में अधिकारियों की टीम द्वारा नगर के पुराना बस स्टैंड से लेकर बलानी चौक,पड़ाव चौक और पंडरिया रोड तक व्यापक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क किनारे और मुख्य मार्गों पर अनियमित रूप से दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को समझाइश दी। उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे यातायात को बाधित करने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से बचें और सड़क को अनावश्यक रूप से न घेरें। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रशासनिक टीम ने व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तो उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान कई स्थानों पर मौके पर ही व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए।
इस निरीक्षण अभियान में नजूल अधिकारी रेखा चंद्रा,एसडीएम अजय शतरंज,नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर,तहसीलदार कुणाल पाण्डेय,नगर पालिका इंजीनियर विद्यानंद मधुकर यादव,नेमीचंद वर्मा,नपा राजस्व निरीक्षक अजीत कुमार गुप्ता,पटवारी आशीष क्षत्रिय,आशीष भोई सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से नगर में अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे शहर में यातायात सुगम होगा और व्यवस्था बेहतर बनेगी।



