
मुंगेली/नगर में हिन्दू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर धार्मिक उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस शुभ अवसर पर हिन्दू संगठनों द्वारा एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें नगरवासियों की भारी भागीदारी रही। शोभायात्रा रेस्ट हाउस मैदान से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अगर खेल परिषद पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में मातृ शक्ति, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भगवा ध्वज,भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं,जिनमें देवी-देवताओं के विभिन्न स्वरूपों का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर श्रद्धालु झूमते-गाते आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरे नगर में उत्सव का माहौल बन गया।
नगर भ्रमण के दौरान शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। विशेष रूप से पुल पारा क्षेत्र में कांग्रेस जनों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। साथ ही ठंडे पेय और बिस्कुट की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया गया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत कर सौहार्द और एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व शहर अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा ने बताया कि प्रतिवर्ष हिन्दू नववर्ष के अवसर पर इस प्रकार की भव्य रैली निकाली जाती है,जिसमें सभी वर्गों के लोग शामिल होकर नगर में एकता और संस्कृति का संदेश देते हैं। कार्यक्रम में हेमेंद्र गोस्वामी (पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष),रोहित शुक्ला (नगर पालिका अध्यक्ष),स्वतंत्र मिश्रा (पूर्व शहर अध्यक्ष),दिलीप बंजारा (जिला अध्यक्ष सेवादल),संजय यादव (जिला महामंत्री),दीपक गुप्ता (शहर अध्यक्ष),अरविंद वैष्णव (वरिष्ठ पार्षद),उर्मिला यादव,सूरज यादव (पार्षद),संजय चंदेल (पार्षद),नीरज यादव,जीतू श्रीवास्तव,श्री ठाकुर (पूर्व पार्षद),जय सोनी,राजेंद्र यादव,बिल्लू यादव,रमेश राजपूत,लक्ष्मी नारायण,शिवम जायसवाल, देव साहू, धीरेंद्र जांगड़े सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस भव्य आयोजन ने नगर में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश भी दिया।





