मुंगेली/नगर पालिका उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा एवं वार्ड पार्षद असलम खान के द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया और जल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की गई।
वार्ड में राजेश,संजय यादव बढ़ई के घर के पास गंदा,मटमैला और बदबूदार पानी आने की शिकायत सामने आई थी। इस पर जितेंद्र शर्मा (प्रोफेसर) द्वारा शिकायत किए जाने के बाद तत्काल सीएमओ और जल विभाग प्रभारी को सूचित किया गया,जिसके बाद समस्या का समाधान कराया गया।
इसी क्रम में डॉक्टर गोराई के गैरेज के पास मुख्य पाइपलाइन में लीकेज की समस्या भी सामने आई,जिसे तुरंत प्रभाव से ठीक करवाने का कार्य शुरू कर दिया गया।
इसके अलावा जिला हॉस्पिटल मार्ग स्थित एनीकेट के पास में स्थित स्नानागार एवं आसपास के घरों में पानी की भारी किल्लत देखी गई। यहां लंबे समय से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए लगभग 2 वर्ष पहले किए गए बोर में अब तक पंप नहीं लगाए जाने का मामला सामने आया। इस पर नपा उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा के द्वारा सीएमओ को तत्काल नया बोर पंप लगाने के निर्देश दिए गए,जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह स्नानागार सामाजिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। मारवाड़ी मुक्तिधाम से अंतिम संस्कार के बाद लोग शुद्धि के लिए यहीं स्नान करते हैं और जिन परिवारों में गमी होती है, उनके सदस्य 10 दिनों तक यहीं नियमित स्नान करते हैं। ऐसे में पानी की कमी से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
वार्ड निवासी सीरिया यादव और सिद्धार्थ ‘सिद्धू’ यादव ने भी बोर पंप लगाने की मांग रखी, जिस पर जनप्रतिनिधियों द्वारा जल्द समाधान का भरोसा दिया गया।
इस दौरान आशीष बाबा तंबोली और सुदीप ताम्रकार सहित अन्य स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों के द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से क्षेत्रवासियों को गर्मी के इस दौर में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




