मुंगेली/शहर के बालानी चौक के पास लंबे समय से जाम पड़ी नाली की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को आखिरकार राहत मिलने लगी है। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की पहल पर इस जाम नाली को खुलवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है,जिससे वर्षों से चली आ रही परेशानी का समाधान होने की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार,नाली जाम होने के कारण आसपास के कई घरों में गंदा पानी वापस भर जाता था। इससे लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था और गंदगी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी खतरा बना रहता था। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी,जिससे क्षेत्र के रहवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नाली की सफाई और खोलने का कार्य शुरू कराया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाली का पक्का निर्माण कार्य भी कराया जाएगा,ताकि भविष्य में इस प्रकार की परेशानी दोबारा उत्पन्न न हो।
नाली के पक्के निर्माण से पानी का निकास सुचारु रूप से हो सकेगा और आसपास के घरों में गंदा पानी भरने की समस्या समाप्त हो जाएगी। इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन और अध्यक्ष रोहित शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान से पूरे क्षेत्र को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं नगर पालिका द्वारा किए जा रहे इस कार्य से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।




