मुंगेली/आने वाले समय में भीषण गर्मी का मौसम शुरू होने वाला है। हर साल गर्मी के दिनों में नगर में गंभीर जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है,जिससे नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा पहले से ही आवश्यक तैयारी शुरू कर दी गई है।
इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में बुधवार को दोपहर 3 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में गर्मी के दौरान नगर में संभावित जल संकट से निपटने के लिए आवश्यक रणनीति और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ठाकुर एवं जल विभाग के अधिकारी तथा नगर पालिका के समस्त पार्षद उपस्थित रहेंगे। बैठक के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति,जलस्रोतों की उपलब्धता,पाइपलाइन व्यवस्था और टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
नगर पालिका प्रशासन का उद्देश्य है कि गर्मी के मौसम में शहर के किसी भी वार्ड में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पहले से ही आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि नगरवासियों को गर्मी के दौरान पानी की समस्या से राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए समय रहते सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी ताकि नगर में जल संकट की स्थिति को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
वही उक्त बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की जाएगी



