मुंगेली/रंग पंचमी के पावन अवसर पर मुंगेली के लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं लोरमी के विधायक अरुण साव से उनके सरकारी निवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री को रंग पंचमी एवं होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान मुंगेली जिले से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने शासन के कार्यों के संचालन के दौरान सामने आ रही समस्याओं और चुनौतियों से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं के कारण कई कार्यों में व्यावहारिक कठिनाइयाँ सामने आ रही हैं, जिन्हें दूर किया जाना आवश्यक है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक अभियोजक के रूप में रजनीकांत सिंह ठाकुर के एक वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई दी और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासन के कार्यों का सफल संचालन प्रशासन और न्यायिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर शासन के कार्यों में आ रही विभिन्न दिक्कतों पर भी चर्चा हुई,जिस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जाएगा,ताकि प्रशासनिक और न्यायिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
इस दौरान लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर के साथ जिला अधिवक्ता संघ मुंगेली के उपाध्यक्ष आकुम गेंदले भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी मुंगेली जिले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे और समस्याओं के समाधान की अपेक्षा व्यक्त की।
रंग पंचमी के अवसर पर हुई यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई,जिसमें क्षेत्र के विकास और शासन के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।



