मुंगेली/नगर के स्थानीय आदर्श कृषि उपज मंडी प्रांगण में शासन की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 94 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरे आयोजन में सादगी,सामाजिक समरसता और जनकल्याण की भावना साफ दिखाई दी। बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला शामिल हुए। उन्होंने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि शासन की इस जनकल्याणकारी योजना से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को सीधे तौर पर लाभ मिल रहा है। इस योजना के माध्यम से गरीब पिता को अपनी बेटी के कन्यादान का सौभाग्य मिल रहा है,वहीं समाज में विवाह जैसे आयोजनों में होने वाले अनावश्यक खर्च पर भी काफी हद तक रोक लग रही है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों के सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।
समारोह में कलेक्टर कुंदन कुमार,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल,एडीएम निष्ठा पाण्डेय,जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय,अति. पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी,एसडीएम अजय शतरंज,तहसीलदार कुणाल पाण्डेय,सिटी कोतवाली प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े,शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता,पार्षद रोशन सोनी,पार्षद प्रतिनिधि सत्तू सिंह ठाकुर,सत्तू देवांगन,श्रवण सोनकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि,अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।



सामूहिक विवाह के इस आयोजन ने न केवल सामाजिक एकता और सामूहिकता का संदेश दिया,बल्कि शासन की जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भी उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह,उमंग और खुशियों का माहौल बना रहा।



