मुंगेली/प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा दीपक गुप्ता को मुंगेली शहर कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में भारी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इस नियुक्ति को संगठन को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नवनियुक्त शहर अध्यक्ष दीपक गुप्ता के सम्मान में महिला कांग्रेस,मुंगेली द्वारा नगर के स्थानीय पुनीत होटल में आत्मीय स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही जहां सभी ने दीपक गुप्ता को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि दीपक गुप्ता के नेतृत्व में शहर कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आगामी समय में संगठनात्मक रूप से और मजबूत होकर जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएगी।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस की सक्रिय भूमिका देखने को मिली। महिला कांग्रेस की ओर से दीपक गुप्ता का पुष्पगुच्छ एवं सम्मान प्रतीक भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मंजू शर्मा,ललिता सोनी,साधना वर्मा,ममता श्रीवास्तव,वैशाली सोनी,निधि पौराणिक एवं रूपा सोनी उपस्थित रहीं।
दीपक गुप्ता ने सभी कांग्रेसजनों और महिला कांग्रेस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है,उसे वे पूरी निष्ठा,ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा व उत्साह का संचार देखने को मिला।



