मुंगेली/हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्थानीय भवानी साव रामलाल साव ट्रस्ट धर्मशाला में केशरवानी महिला समिति द्वारा नववर्ष के स्वागत में शानदार,भव्य एवं मनोरंजन से भरपूर आनंद मेला का आयोजन किया गया। इस आयोजन में उत्साह,उमंग और पारिवारिक सौहार्द का सुंदर दृश्य देखने को मिला।
आनंद मेला का शुभारंभ समिति की सदस्यों द्वारा कुलगुरू गोत्राचार्य कश्यप मुनि महाराज के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन समिति की सचिव संध्या दीवान ने प्रेरणादायी शायरी
“समझो हार हो गई अगर मान लिया जाए
जीत निश्चित ही होगी अगर ठान लिया जाए…”
के साथ किया जिसने उपस्थितजनों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
इस अवसर पर उपस्थित प्रदेश उपाध्यक्ष अनिता गुप्ता,राष्ट्रीय संगठन मंत्री जया गुप्ता,संरक्षक प्रमिला गुप्ता,सपना गुप्ता एवं अध्यक्ष ज्योति गुप्ता का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
आनंद मेले की खास बात यह रही कि समिति की सदस्यों द्वारा घर पर बनाए गए विविध प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों से पूरा पंडाल खुशबुओं से महक उठा।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री जया गुप्ता ने एगलेस मलाई केक,कोषाध्यक्ष शुभा केशरवानी ने छत्तीसगढ़ी गुड़हा पप्पची,उपाध्यक्ष ममता केशरवानी ने आलू नड्डा व कस्टर्ड,संगठन मंत्री सीमा गुप्ता ने रबड़ी एवं हैंडमेड ज्वेलरी,सुषमा केशरवानी ने सांभर बड़ा,सपना गुप्ता ने गुपचुप व आलू टिक्की चाट,प्रतिमा गुप्ता ने बफौरी,पानी पाउच,सीता केशरवानी ने खमन ढोकला,मेघा केशरवानी ने रसकतरा व खीर,विजेता केशरवानी ने कचौरी चाट प्रस्तुत की। वहीं अध्यक्ष ज्योति गुप्ता द्वारा हाथ से बने स्वेटर एवं कढ़ाई किए गए कपड़ों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
मनोरंजन के अंतर्गत “बंद आंखों से फोटो में बिंदी लगाओ” जैसे रोचक खेल का आयोजन किया गया जिसमें विशिष्ट सलाहकार राजुल केशरवानी,राजेश केशरवानी,प्रमिला,पवन केशरवानी एवं रुद्रांश केशरवानी विजेता रहे।
इसी दौरान नृत्य नाटिका कोरियोग्राफी में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशिष्ट सलाहकार सुरेखा गुप्ता एवं सांस्कृतिक सचिव रिंकी केशरवानी को ज्योति गुप्ता द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। आनंद मेला का “धुरंधर चिट गेम” पुरस्कार भी ज्योति गुप्ता द्वारा मेघा गुप्ता को प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में हारमोनियम के साथ राघव केशरवानी की शास्त्रीय गीत प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। राशि केशरवानी की सुंदर ड्राइंग और नन्ही शिविका केशरवानी के मनमोहक डांस ने खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों एवं उपस्थित सामाजिक बंधुओं ने म्यूजिक की धुनों पर जमकर नृत्य किया और ग्रुप फोटोग्राफी के साथ इस यादगार आयोजन को संजोया। इस भव्य आनंद मेले में बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।



