मुंगेली/प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं अंबिकापुर महाराज क्षत्रिय कुलभूषण टी.एस. सिंह देव एक दिवसीय प्रवास पर मुंगेली पहुँचे। उनके मुंगेली आगमन पर जिले में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। प्रवास के दौरान श्री सिंह देव ग्राम पुरान स्थित श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह परिहार के निवास पहुँचे,जहाँ करणी सेना के करणी सैनिकों एवं सामाजिक बंधुओं द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
ग्राम पुरान में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ टी.एस. सिंह देव का सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा क्षेत्र में उनके योगदान और क्षत्रिय समाज के प्रति उनकी भूमिका की सराहना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में करणी सैनिक,सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात टी.एस. सिंह देव ने प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह परिहार के दादा,ग्राम पुरान के मालगुजार एवं क्षत्रिय समाज के वरिष्ठ सदस्य शंकर सिंह के निवास स्थान पर पहुँचकर क्षत्रिय समाज के वरिष्ठजनों से मुलाकात की। इस दौरान समाज,क्षेत्र के विकास,सामाजिक एकता,युवाओं की भूमिका एवं समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान श्री सिंह देव ने समाज की एकजुटता,परंपराओं के संरक्षण एवं शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग से ही क्षेत्र और समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। वरिष्ठजनों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए क्षेत्र की समस्याओं और अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में उपस्थित लोगों ने टी.एस. सिंह देव के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। यह प्रवास क्षेत्र में सामाजिक संवाद और आपसी समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



