मुंगेली/विगत दिवस राम की नगरी अयोध्या,उत्तरप्रदेश में अखिल भारतीय केशरवानी वैश्य महिला महासभा की प्रबंध समिति की राष्ट्रीय बैठक का भव्य आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बीना केशरवानी,लखनऊ के नेतृत्व में किया गया,जिसमें देशभर से समाज की प्रमुख महिला पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर मुंगेली निवासी राष्ट्रीय संगठन मंत्री जया गुप्ता को उनके उल्लेखनीय सामाजिक,सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक योगदान के लिए राष्ट्रीय मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मान के पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष बीना केशरवानी द्वारा जया गुप्ता को योग विषय पर जानकारी देने हेतु मंच पर आमंत्रित किया गया,जहां उन्होंने अपने विचारों से उपस्थितजनों को गहराई से प्रेरित किया।
जया गुप्ता ने अपने संबोधन में “करो योग,रहो निरोग” की कहावत को जीवन का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में हम अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह होते जा रहे हैं। यही लापरवाही अनेक बीमारियों को आमंत्रण देती है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने खानपान को नियंत्रित रखें और नियमित रूप से योग को अपनाएं तो तन और मन दोनों को स्वस्थ रखा जा सकता है। योग न केवल शरीर को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
गौरतलब है कि जया गुप्ता को इससे पूर्व भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रशासन,समाज एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त उन्हें प्रदेश स्तर के साथ-साथ नागपुर (महाराष्ट्र),सिलीगुड़ी (असम),प्रयागराज,पटना जैसे अनेक राष्ट्रीय मंचों पर योग एवं महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित कर सम्मानित किया जाता रहा है।
जया गुप्ता ने केशरवानी समाज के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है। वे मुंगेली नगर केशरवानी समाज की प्रथम महिला सदस्य हैं जिन्हें अखिल भारतीय केशरवानी वैश्य महिला महासभा में पहले राष्ट्रीय सांस्कृतिक मंत्री और वर्तमान में लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय संगठन मंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। यह न केवल उनके व्यक्तिगत कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता का प्रमाण है बल्कि समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और सशक्त नेतृत्व को भी दर्शाता है।
जया गुप्ता की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर राष्ट्रीय महासभा,प्रदेश सभा एवं नगर सभा सहित पूरे केशरवानी समाज में हर्ष और गर्व का माहौल है। समाज के लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे मुंगेली नगर के लिए गौरव का क्षण बताया है।






